आंधी-तूफान से दीवार गिरने पर मचा हड़कंप, बच्ची समेत कई लोग घायल

 

जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में गुरुवार तड़के आए तेज आंधी-तूफान ने एक परिवार की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। पड़ोसी के मकान की दीवार गिरने से एक घर का बरामदा ढह गया, जिसके मलबे में दबकर एक बच्ची समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार भोर करीब साढ़े तीन बजे तेज आंधी-तूफान शुरू होने पर जगदीश यादव की नींद खुल गई। उन्होंने परिवार के सदस्यों को बरामदे में सोने के लिए कहा और स्वयं बाहर चले गए। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले जगधारी यादव के पक्के मकान की दीवार अचानक जगदीश यादव के मकान पर गिर गई।

दीवार गिरने से जगदीश यादव के घर का बरामदा भरभराकर ढह गया और उसके नीचे मौजूद परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर घायल रेखा देवी (40 वर्ष), उनकी 18 वर्षीय पुत्री प्रिया तथा 2 वर्षीय मासूम बच्चे को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को पहले स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक सभी का उपचार जारी था।

शादी की तैयारियों के बीच हादसे से बढ़ी चिंता

बताया जा रहा है कि जगदीश यादव के घर आगामी 19 जून को शादी समारोह आयोजित होना है। विवाह की तैयारियों के चलते घर में रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था। ऐसे में अचानक हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है।

ग्रामीणों के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। हादसे में मकान को नुकसान पहुंचने और परिजनों के घायल होने से शादी की तैयारियों पर भी असर पड़ा है। क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और राहत दिलाने की मांग की है, ताकि विवाह कार्यक्रम और परिवार की अन्य आवश्यकताओं में मदद मिल सके।

Related

JAUNPUR 1071569464102976760

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item