पुरानी रंजिश में महिला पर टँगारी से हमला, गंभीर रूप से घायल
https://www.shirazehind.com/2026/06/blog-post_597.html
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के नत्थनपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोसियों द्वारा एक महिला पर टँगारी और डंडे से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी सुशीला देवी (45) पत्नी संतोष यादव को पड़ोस के दो युवकों और उनकी मां ने कथित रूप से गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने सुशीला देवी पर टँगारी और डंडों से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही बेहोश हो गईं।
घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़िता के पति संतोष यादव, जो मुंबई में रहते हैं, बुधवार को घर पहुंचे और मामले की तहरीर पुलिस को सौंप दी।
इस संबंध में जलालपुर थानाध्यक्ष प्रशांत सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

