तहसील निरीक्षण में सख्त दिखे डीएम, लंबित वादों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
https://www.shirazehind.com/2026/06/blog-post_882.html
जौनपुर। जनपद में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने स्थानीय तहसील का औचक निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों और न्यायालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों की स्थिति, लंबित वादों के निस्तारण तथा साफ-सफाई व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तहसील परिसर स्थित आपूर्ति कार्यालय, नजारत, संग्रह अनुभाग, रिकॉर्ड रूम सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों, रजिस्टरों एवं पत्रावलियों का बारीकी से अवलोकन कर उनके अद्यतन रख-रखाव की जानकारी ली। साथ ही एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालयों में लंबित और संचालित वादों से संबंधित फाइलों का निरीक्षण करते हुए न्यायिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अभिलेख एवं रजिस्टर व्यवस्थित और अद्यतन रखे जाएं तथा न्यायालयों में लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि न्यायालयों में अनावश्यक विलंब से आमजन को परेशानी होती है, इसलिए प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाना चाहिए।
तहसील परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिसर में आने वाले लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए, जिससे सरकारी कार्यालयों का वातावरण साफ-सुथरा और व्यवस्थित बना रहे। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं से संवाद कर न्यायालयों के सुचारु संचालन में उनकी भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं और प्रशासन के बेहतर समन्वय से वादों का शीघ्र निस्तारण संभव है, जिससे आमजन को समय पर न्याय मिल सकेगा।
डीएम ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान नवीन कुमार, राकेश कुमार सहित तहसील प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद

