बादशाही पेट्रोल पंप के पास आर्टिका और पिकअप की भिड़ंत, पांच घायल
एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा, मजलिस से लौट रहे थे कार सवार
अजय श्रीवास्तव
खेतासराय(जौनपुर)।नेशनल हाईवे-135ए पर खेतासराय थाना क्षेत्र के बादशाही (मनेछा) स्थित पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार की भोर में आर्टिका कार और पिकअप वाहन की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। कार में सवार लोग आजमगढ़ के पवई क्षेत्र में आयोजित शब्बेदारी की मजलिस से जौनपुर लौट रहे थे। दुर्घटना के दौरान कार का एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया। सभी घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।शहर कोतवाली क्षेत्र के मुफ़्ती मोहल्ला स्थित अंजुमन सज्जादिया कमेटी के सदस्य आजमगढ़ के पवई थाना अंतर्गत समइसा गांव में शब्बेदारी की मजलिस में शामिल होकर जौनपुर लौट रहे थे। मंगलवार की भोर में उनकी आर्टिका कार जैसे ही शाहगंज-जौनपुर मार्ग पर बादशाही पेट्रोल पंप के पास पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में कार सवार सोनू (17), समीर (18), गाजी (21) और कासिम (19) को मामूली चोटें आई। वही पिकअप चालक हरिशंकर यादव (48) निवासी फूलपुर, वाराणसी भी घायल हो गए। बताया गया कि वह सोनपापड़ी लादकर शाहगंज की ओर जा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही खेतासराय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने सभी की हालत खतरे से बाहर बताई है।
थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि बादशाही पेट्रोल पंप के पास दो वाहनों की आमने-सामने टक्कर में करीब पांच लोग घायल हुए थे। सभी को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है और सभी की हालत सामान्य है।

