आठवें वेतन आयोग में पेंशनरों की उपेक्षा पर भड़का पेंशनर्स संगठन
जौनपुर। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन की मासिक बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित संगठन कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में आठवें वेतन आयोग के गजट नोटिफिकेशन में पेंशनरों को टर्म्स ऑफ रेफरेंस में शामिल न किए जाने पर गहरा असंतोष व्यक्त किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभाध्यक्ष ने बताया कि आगामी 21 और 22 जून को आठवें वेतन आयोग का शिष्टमंडल लखनऊ में कर्मचारियों एवं पेंशनर्स प्रतिनिधियों के साथ वार्ता करेगा, जिसमें पेंशनरों की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
जिला मंत्री कृपाशंकर उपाध्याय ने बताया कि प्रधानमंत्री को संबोधित 10 सूत्रीय मांगपत्र वाली हस्ताक्षर याचिका प्रदेश कार्यालय को भेजी जा चुकी है, जिसकी प्राप्ति भी मिल गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष द्वारा आठवें वेतन आयोग को संगठन का ज्ञापन भी प्रेषित कर दिया गया है।
बैठक में चिकित्सा प्रतिपूर्ति (मेडिकल रिइम्बर्समेंट) देयकों के भुगतान में हो रही देरी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। जिला मंत्री ने बताया कि इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी को संगठन की चिंताओं से अवगत कराया जा चुका है। साथ ही बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी को भी पत्र भेजा गया है तथा अन्य आहरण-वितरण अधिकारियों को पत्र प्रेषित करने की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण नहीं किया गया तो संगठन को आंदोलनात्मक एवं संगठनात्मक कार्रवाई करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
बैठक में राजेश श्रीवास्तव, के.के. त्रिपाठी, कंचन सिंह, ओमकार नाथ मिश्र, मिठाई लाल, शंभूनाथ यादव, प्रमोद कुमार, मदन मोहन, रामअवध लाल, नंदलाल सरोज, विक्रमाजीत यादव, अशोक मौर्य, मुकुंद लाल उपाध्याय, नरेंद्र त्रिपाठी, गोरखनाथ माली, सूबेदार यादव, राजेंद्र सिंह, राजपति विश्वकर्मा, फूलचंद नाविक, राम प्रताप यादव, रविंद्र सिंह, लालचंद यादव, लालजी शुक्ल, दशरथ राम, कमलेश दुबे सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
सभा का संचालन जिला मंत्री कृपाशंकर उपाध्याय ने किया।

