विदाई के समय दुल्हन ने ससुराल जाने से किया इनकार, शादी के बाद मचा बवाल
खेतासराय, जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया जब विवाह की सभी रस्में पूरी होने के बाद विदाई के दौरान दुल्हन ने दूल्हे के साथ ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन का आरोप था कि उसे दूल्हे की शारीरिक स्थिति के बारे में पहले से सही जानकारी नहीं दी गई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया और मामला थाने तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार मैनुद्दीनपुर गांव निवासी बांके लाल की पुत्री का विवाह सुल्तानपुर जनपद के कालिकापुर गांव निवासी शिवम पुत्र रामकेवल के साथ तय हुआ था। रविवार शाम बारात धूमधाम से पहुंची और द्वारचार, जयमाला सहित सभी वैवाहिक रस्में खुशी के माहौल में सम्पन्न हुईं। रातभर उत्सव का माहौल बना रहा और दोनों परिवार विवाह समारोह में व्यस्त रहे।
सोमवार सुबह विदाई की तैयारी चल रही थी तभी दुल्हन ने दूल्हे को दिव्यांग बताते हुए उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। दुल्हन का कहना था कि विवाह से पहले उसे इस संबंध में जानकारी नहीं दी गई थी। इसके बाद दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर घरातियों ने दूल्हे समेत कई बारातियों को रोक लिया। मामला सुलझाने के लिए रिश्तेदारों, गांव के बुजुर्गों और जिम्मेदार लोगों ने घंटों पंचायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। बाद में विवाद लेन-देन और विवाह में हुए खर्च की भरपाई तक पहुंच गया।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया और उन्हें थाने ले गई। वहां भी देर तक समझौते की कोशिशें चलती रहीं। समाचार लिखे जाने तक मामले का अंतिम निस्तारण नहीं हो सका था।
घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वैवाहिक रिश्तों में पारदर्शिता और आपसी विश्वास बेहद आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार के विवादों से बचा जा सके।

