गो सम्मान आह्वान अभियान: 5 लाख हस्ताक्षरों के साथ डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत चारों संवैधानिक पदों को भेजा गया ज्ञापन

गोहत्या-निषेध के लिए केंद्रीय कानून, गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान और केंद्रीय गो मंत्रालय गठन समेत 30 से अधिक मांगों पर कार्रवाई की मांग

जौनपुर। गोमाता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे गो सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोमवार को जौनपुर में बड़ी संख्या में संत-महात्माओं, गौसेवकों एवं गोभक्तों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन और प्रार्थना-पत्र सौंपा। अभियान के तहत जनपद से करीब पांच लाख नागरिकों के हस्ताक्षर शासन को प्रेषित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ शुभ मुहूर्त में गोमाता के पूजन, शंखनाद एवं "श्री राम जय राम जय जय राम" विजय मंत्र के सामूहिक जाप के साथ हुआ। इसके बाद गोभक्तों ने झंडे, बैनर, अभियान संदेशों वाले प्लेकार्ड और भजन-कीर्तन के साथ शांतिपूर्ण एवं अनुशासित प्रार्थना-यात्रा निकालते हुए जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च किया।

यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की झांकी, गोमाता की झांकी तथा अभियान के दौरान एकत्रित हस्ताक्षरों का प्रतीकात्मक प्रदर्शन भी किया गया। इसके बाद संत-महात्माओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

अभियान के प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले लगभग छह माह से देशभर में संतों, गौसेवकों और गोभक्तों के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से गोहत्या-निषेध के लिए केंद्रीय कानून बनाने, गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान देने, गोचर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, केंद्रीय गो-चारा नीति लागू करने तथा कृषि, चिकित्सा, पर्यावरण, शिक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों को गो-केंद्रित राष्ट्रीय नीति का हिस्सा बनाने सहित 30 से अधिक प्रमुख मांगें सरकार के समक्ष रखी गई हैं।

प्रतिनिधियों के अनुसार अभियान के प्रथम चरण में 27 अप्रैल 2026 को देशभर की लगभग 5,000 तहसीलों के माध्यम से पांच करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों को भेजे गए थे। अपेक्षित निर्णय नहीं होने पर दूसरे चरण में देशभर के सभी जिलों से 15 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों सहित अनुस्मारक प्रार्थना-पत्र सरकार को भेजे गए हैं।

अभियान के पदाधिकारियों ने कहा कि गोमाता केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, कृषि, पर्यावरण, ग्राम्य अर्थव्यवस्था और जनकल्याण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सरकार से सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि यह अभियान पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से संचालित किया जा रहा है तथा जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय होने तक चरणबद्ध रूप से जारी रहेगा।

कार्यक्रम में 1008 श्री योगीराज पागल बाबा, महंत संकट मोचन हनुमान मंदिर विधु प्रकाश शुक्ला, डॉ. अमरनाथ पांडेय, पवन मिश्रा, अजीत प्रताप प्रजापति, भाजपा जिला अध्यक्ष, सुनील मौर्य (जिला मंत्री, विहिप), शैलेंद्र (विभाग संगठन मंत्री, विहिप), भाजपा महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राखी सिंह, किरण सिंह, खुशी सिंह, सरिता सिंह, बिट्टू किन्नर, अवधेश मौर्य, राज दुबे, राज तिवारी, राज यादव, अमन यादव, अमन श्रीवास्तव, आशीष मिश्र, सुनील शर्मा सहित बड़ी संख्या में संत, गौसेवक, किसान, व्यापारी, जनप्रतिनिधि एवं गोभक्त उपस्थित रहे।

Related

JAUNPUR 56294523300088761

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item