एशिया कुश्ती चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता सौरभ यादव का गहना कोठी परिवार ने किया भव्य सम्मान
सौरभ यादव को स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित, कहा- युवा खिलाड़ियों के लिए बने प्रेरणा स्रोत
जौनपुर। एशिया अंडर-20 कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर देश और जनपद का नाम रोशन करने वाले युवा पहलवान सौरभ यादव का शुक्रवार को शहर के कोतवाली चौराहा स्थित गहना कोठी शोरूम में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान गहना कोठी परिवार ने सौरभ को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।सम्मान समारोह में गहना कोठी के अधिष्ठाता विनीत सेठ, विशाल सेठ, विपिन सेठ एवं हर्षित सेठ ने संयुक्त रूप से सौरभ यादव को सम्मानित करते हुए कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर न केवल जौनपुर बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
विनीत सेठ ने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर सौरभ ने यह मुकाम हासिल किया है। ऐसे खिलाड़ियों का सम्मान समाज का दायित्व है, ताकि अन्य युवा भी खेलों के प्रति प्रेरित होकर देश का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर रजत पदक विजेता सौरभ यादव ने सम्मान के लिए गहना कोठी परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर देश का तिरंगा सबसे ऊंचा लहराना है।
समारोह में सौरभ यादव के पिता लालमन यादव, उनके गुरु अशोक सोनकर सहित खेल प्रेमी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में शुभचिंतक मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने सौरभ की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

