डेढ़ लाख के निवेश से शुरू करें अपना कारोबार, बीएसएनएल लेकर आया 'भारत नेट उद्यमी योजना'
जौनपुर। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 'भारत नेट उद्यमी योजना' की शुरुआत की है। योजना के तहत इच्छुक युवा करीब 1.5 लाख रुपये के न्यूनतम निवेश से अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में ब्रॉडबैंड सेवाएं उपलब्ध कराकर आय अर्जित कर सकेंगे।
बीएसएनएल जौनपुर के प्रचालन प्रमुख अंकुर तिवारी ने बताया कि योजना से जुड़ने वाले उद्यमियों को ग्रामीण क्षेत्रों में नए ब्रॉडबैंड उपभोक्ता जोड़ने का कार्य करना होगा। इस कार्य के लिए बीएसएनएल की ओर से आकर्षक भुगतान की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनके गृह जनपद में ही रोजगार उपलब्ध कराना है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और ग्रामीण क्षेत्रों से शहरों की ओर होने वाले पलायन में भी कमी आए।
सुल्तानपुर व्यापार क्षेत्र के प्रधान महाप्रबंधक रमाशंकर राम ने इस योजना को युवाओं के लिए स्वरोजगार का सुनहरा अवसर बताया और अधिक से अधिक युवाओं से इसका लाभ उठाने की अपील की।
योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी बीएसएनएल कार्यालय, जौनपुर में कार्यरत अवर दूरसंचार अधिकारी अनिल कुमार से मोबाइल नंबर 9453105033 पर संपर्क कर सकते हैं।

