रंजिशन युवक को कार से मारी टक्कर, गम्भीर रूप से घायल, हत्या प्रयास का मुकदमा दर्ज
https://www.shirazehind.com/2026/07/blog-post_843.html
चौकियां धाम, जौनपुर। नगर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के विशेषरपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को कार से टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने नामजद तहरीर पर आरोपी युवक पर हत्या प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज कर ली है।घटना बीते 10 जुलाई की बतायी जा रही है।
लाइन बाजार थाना क्षेत्र के विशेषरपुर पंचहटिया निवासी अरुण कुमार उर्फ बंटी पुत्र स्व0 प्रेम कुमार ने 11 जुलाई शनिवार को थाने पर नामजद तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे विशेषरपुर चौराहे पर पीड़ित अरुण कुमार उर्फ बंटी का विशेषरपुर के ही निवासी उदयराज गौतम के साथ किसी बात को लेकर हल्का झड़प हो गया था। कुछ देर बाद मामला शांत हो गया और अरुण अपने घर में सोने के लिए चला गया। रात करीब 11:30 बजे आरोपी उदयराज गौतम अपनी निजी कार लेकर अरुण के घर पहुंच गया और एक युवक से उसे बाहर बुलाया। अरुण के बाहर आते ही आरोपी ने उस पर जानलेवा हमला करने की नीयत से कार से तेज टक्कर मार दी।
बताया गया कि कार के टक्कर से अरुण का दाहिना पैर टूट गया और शरीर में काफी गंभीर चोटें आईं। आस—पास के लोग व परिजन मौके पर जुट गये। वहीं घटना के बाद आरोपी उदयराज अपनी कार से मौके से फरार हो गया। परिजनों ने घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने शनिवार को दोपहर में पीड़ित अरुण की नामजद तहरीर पर आरोपी युवक उदयराज गौतम निवासी विशेषरपुर थाना लाइन बाजार के खिलाफ हत्या प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

