शिवांस के लिये देवदूत बने चन्दर, आवारा कुत्तों के झुण्ड से बचायी जान

पानी भरे गड्ढे में कूदकर भी नहीं बच सका मासूम, गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर

खेतासराय, जौनपुर। शाहापुर गांव में गुरुवार को आवारा कुत्तों के झुंड ने छह वर्षीय मासूम पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे एक युवक ने अपनी जान की परवाह किए बिना कुत्तों से भिड़कर उसकी जान बचाई। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण प्रशासन से आवारा कुत्तों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार शाहापुर निवासी बबिता बिंद अपनी भैंस लेकर गांव के तालाब पर गई थीं। उनका छह वर्षीय पुत्र शिवांस अपनी मां को खोजते हुए तालाब की ओर जा रहा था। रास्ते में पहले से घूम रहे आधा दर्जन से अधिक आवारा कुत्तों ने अचानक उस पर हमला बोल दिया। कुत्तों से बचने के लिए मासूम पास में बने पानी से भरे गड्ढे में कूद गया, लेकिन हमलावर कुत्ते वहां भी पहुंच गए और उसे नोचने लगे।

इसी दौरान बाजार से दवा लेकर लौट रहे गांव के चंदर बिंद की नजर घायल बच्चे पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए कुत्तों पर ढेले और पत्थर फेंककर उन्हें भगाया तथा शिवांस को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्होंने तुरंत बच्चे की मां और अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने के बाद कुत्तों का झुंड वहां से भाग निकला।

गंभीर रूप से घायल शिवांस को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और पहले भी कई लोगों पर हमले हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

ग्रामीणों ने चंदर बिंद की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि यदि वह समय पर मौके पर नहीं पहुंचते, तो यह घटना किसी बड़े हादसे में बदल सकती थी।



Related

JAUNPUR 1197686902484250040

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item