100 मीटर तिरंगे के साथ गूंजा राष्ट्रभक्ति का जयघोष, हजारों विद्यार्थियों ने निकाली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा
जौनपुर। स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के बीच बुधवार को जिला मुख्यालय राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जौनपुर के आह्वान पर टीडी कॉलेज मैदान से 100 मीटर लंबे विशाल तिरंगे के साथ ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में लहराता तिरंगा, भारत माता के जयघोष और वंदे मातरम् के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। यात्रा में हजारों की संख्या में छात्र-छात्राओं एवं अभाविप कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
विशाल तिरंगा यात्रा का शुभारंभ काशी प्रांत के प्रांत अध्यक्ष डॉ. महेंद्र त्रिपाठी एवं जिला प्रमुख प्रो. हरिओम त्रिपाठी ने झंडी दिखाकर किया। टीडी कॉलेज मैदान से शुरू हुई यात्रा सरकारी रोडवेज, जिलाधिकारी कार्यालय और लाइन बाजार होते हुए पुनः टीडी कॉलेज मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। विशाल तिरंगे को थामे विद्यार्थियों का जोश और देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था।
इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के गगनभेदी नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया। सड़कों पर उमड़ा विद्यार्थियों का सैलाब स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और राष्ट्र के प्रति युवाओं की प्रतिबद्धता का जीवंत संदेश देता नजर आया।
प्रांत अध्यक्ष डॉ. महेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर विद्यार्थी परिषद ने ‘एक गांव–एक तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ किया था, जिसकी राष्ट्रभावना आज भी निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल कपड़े का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि देश की अस्मिता, स्वाभिमान और बलिदान की पहचान है।
जिला प्रमुख प्रो. हरिओम त्रिपाठी ने कहा कि तिरंगा यात्रा का आयोजन जिले के विभिन्न नगर इकाइयों में भी किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रीय पर्व के महत्व से जोड़ना और उनके भीतर राष्ट्र के प्रति कर्तव्य, समर्पण एवं जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करना है।
अभाविप के जिला संयोजक हर्ष सिंह एवं जौनपुर विभाग के विभाग संयोजक सानू सिंह ने कहा कि आज का विद्यार्थी राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को समझ रहा है। उन्होंने जिले के विद्यार्थियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के गौरव को बढ़ाएं और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करें।
तिरंगा यात्रा में विभाग छात्रा प्रमुख साधना सोनकर, रिमझिम सोनकर, विभाग संगठन मंत्री अश्वनी कुमार सिंह, प्रांत संयोजक खेलो भारत शैलेंद्र बहादुर यादव, प्रांत कार्यसमिति सदस्य हर्षवर्धन चौरसिया, पूर्व जिला संयोजक शिवम सिंह, इकाई मंत्री एकांत मिश्रा, हर्ष साहू, अक्षत मिश्रा, धानवेन शुक्ला, सचिन कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभाविप कार्यकर्ता मौजूद रहे।
100 मीटर लंबे तिरंगे की छांव में उमड़ा यह जनसैलाब जौनपुर की धरती पर राष्ट्रभक्ति और युवा शक्ति का ऐसा दृश्य प्रस्तुत कर गया, जिसे देखकर हर किसी के मन में देश के प्रति गर्व और समर्पण की भावना जाग उठी।

