सायमा खान की स्मृति में लायन्स क्लब का सराहनीय कदम, 40 टीबी मरीजों को वितरित की पोषण किट
पोषण किट में प्रोटीन पाउडर, चना, गुड़, सत्तू, मूंगफली, मूंग दाल, सोयाबीन बड़ी, लाई तथा नहाने और कपड़े धोने के साबुन सहित आवश्यक पोषण एवं स्वच्छता सामग्री शामिल थी। क्लब का उद्देश्य टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहयोग करना है।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वी.एस. उपाध्याय ने मरीजों से नियमित रूप से टीबी की दवा लेने, पौष्टिक भोजन करने और हल्का व्यायाम अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हरी सब्जियां, मौसमी फल, दालें और सोयाबीन जैसे प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों का सेवन लाभदायक है। उन्होंने यह भी कहा कि इलाज बीच में छोड़ना बीमारी को और गंभीर बना सकता है, इसलिए दवाओं का नियमित सेवन और समय-समय पर जांच कराना आवश्यक है।
कार्यक्रम के संयोजक शकील अहमद ने बताया कि लायन्स क्लब मंडल के हंगर कार्यक्रम के तहत जौनपुर को टीबी मुक्त बनाने के संकल्प के साथ लगातार टीबी मरीजों को पोषण सामग्री उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से इस अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में संस्थाध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दिनेश टंडन, चीफ सेक्रेट्री सै. मो. मुस्तफा, सचिव रितेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र मौर्य, सोमेश्वर केसरवानी, गोपीचंद साहू, लियो सचिव पवन वर्मा, नरेश सेठ सहित लायन्स क्लब के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में टीबी मरीज उपस्थित रहे।

