विधायक निधि में बड़ा खेल! विद्यालय के नाम स्वीकृत ₹5 लाख संस्था के खाते में भेजने का आरोप
जौनपुर। शाहगंज क्षेत्र स्थित जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय, अर्गुपुरकला के प्रधानाध्यापक अमित कुमार सिंह ने विधायक क्षेत्र विकास निधि से विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु स्वीकृत ₹5 लाख की धनराशि के हस्तांतरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
प्रधानाध्यापक का कहना है कि विधायक द्वारा विद्यालय के लिए स्वीकृत धनराशि विद्यालय के खाते में उपलब्ध कराने के बजाय "शैक्षिक एवं कल्याणकारी संस्था, अर्गुपुरकला, शाहगंज" के खाते में हस्तांतरित कर दी गई। उन्होंने अपने शिकायती पत्र में कहा है कि खंड शिक्षा अधिकारी की आख्या के अनुसार जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय एक स्थायी मान्यता प्राप्त विद्यालय है तथा विद्यालय का भवन एवं भूमि उपलब्ध है। ऐसे में यह स्पष्ट किया जाना आवश्यक है कि विद्यालय के लिए स्वीकृत धनराशि किस सक्षम आदेश एवं किस नियम के तहत संस्था के खाते में भेजी गई।
प्रधानाध्यापक ने आरोप लगाया है कि प्रथम दृष्टया पूरे प्रकरण में डी.आर.डी.ए. विभाग की भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है। उन्होंने मांग की है कि यदि जांच में विधायक क्षेत्र विकास निधि की नियमावली का उल्लंघन या वित्तीय अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
शिकायत में यह भी अनुरोध किया गया है कि विद्यालय के लिए स्वीकृत धनराशि का उपयोग नियमानुसार उसी उद्देश्य के लिए सुनिश्चित कराया जाए तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जिम्मेदारी तय की जाए।

