9 अगस्त को जौनपुर में चतुर्थ जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता, 300 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा


जौनपुर। योगासन को खेल के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में जौनपुर में 9 अगस्त को चतुर्थ जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जाएगा। योगासन स्पोर्ट्स एलायंस एसोसिएशन के तत्वावधान में तथा मीरा वेलफेयर फाउंडेशन, जौनपुर के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में जनपद के करीब 70 विद्यालयों के 300 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

ऋषि योगा संस्थान, गोसाई मंदिर में आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्था की अध्यक्ष एवं योग प्रशिक्षक रजनी साहू ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन 9 अगस्त 2026 (रविवार) को मोहम्मद हसन पी.जी. कॉलेज, जौनपुर में होगा। उन्होंने कहा कि योग अब केवल स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से उभरता हुआ प्रतिस्पर्धात्मक खेल बन चुका है। इस आयोजन का उद्देश्य जनपद की प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

रजनी साहू ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। योग से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और सकारात्मक सोच का विकास होता है, इसलिए विद्यालयों में इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 8 से 25 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं विभिन्न वर्गों में प्रतिभाग करेंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही चयनित प्रतिभाओं को आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

संस्था ने जनपद के विद्यालयों, अभिभावकों, खेल प्रशिक्षकों और सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक बच्चों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की है, ताकि जौनपुर की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकें।

पत्रकार वार्ता के दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग और खेल संस्कृति के प्रचार-प्रसार में पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर महासचिव डॉली गुप्ता, सचिव मधु गुप्ता, इंदिरा जायसवाल, कोषाध्यक्ष रचित साहू, सहकार भारती जौनपुर के अध्यक्ष कुँवर प्रदीप सिंह रिंकू, रामजी साहू, तनुष्का साहू सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related

डाक्टर 2142837263423097509

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item