सुदूर ग्रामीण स्कूल में शुरू हुई स्मार्ट क्लास, अब डिजिटल माध्यम से पढ़ेंगे बच्चे
सोशल वेलफेयर एंड अपलिफ्टमेंट ग्रुप व रोटरी क्लब दिल्ली कामा प्लेस ने स्मार्ट टीवी किया भेंट
जौनपुर। मड़ियाहूं विकासखंड के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय कुम्भ में शनिवार को स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया गया। तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। स्मार्ट क्लास का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी उदयभान कुशवाहा ने किया। विद्यालय को सोशल वेलफेयर एंड अपलिफ्टमेंट ग्रुप, दिल्ली के संस्थापक अवधेश अग्रवाल तथा रोटरी क्लब दिल्ली कामा प्लेस की ओर से स्मार्ट टीवी दान स्वरूप प्रदान किया गया।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी उदयभान कुशवाहा ने कहा कि स्मार्ट क्लास के माध्यम से छात्र-छात्राएं आधुनिक तकनीक के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करेंगे। साथ ही वे देश-दुनिया की समसामयिक घटनाओं से भी रूबरू हो सकेंगे, जिससे उनकी सीखने की क्षमता, सामान्य ज्ञान और डिजिटल समझ में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने इस सराहनीय पहल के लिए अवधेश अग्रवाल एवं उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं प्राथमिक शिक्षक संघ मड़ियाहूं के अध्यक्ष डॉ. विशाल सिंह ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और ग्रामीणों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि विद्यालय का शैक्षिक वातावरण बेहतर बनाने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए वह सदैव समर्पित रहेंगे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मुलायम यादव ने किया।
इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ मड़ियाहूं के मंत्री प्रदीप सूर्या, नवाचारी शिक्षक शिवम सिंह, राकेश सिंह, अमित नारायण यादव, शालिनी सिंह, पातालनाथ सरोज, आशा देवी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
