हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर हुई पुष्पवर्षा, हर-हर महादेव से गूंजा करशूल नाथ धाम
बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में कांवड़िये और श्रद्धालु शामिल हुए। शिवभक्त पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कांवड़ लेकर करशूल नाथ महादेव मंदिर की ओर बढ़े। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भगवान शिव के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
इस दौरान जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने स्वयं हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की। आसमान से फूलों की बारिश होते ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कांवड़ियों ने हाथ उठाकर भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाए और इस अनूठे स्वागत के साक्षी बने।
प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए रहे, ताकि शिवभक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मार्गों पर सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया।
करशूल नाथ महादेव मंदिर क्षेत्र में कांवड़ियों के पहुंचने के साथ ही पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की।
हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा ने कांवड़ यात्रा को और भी यादगार बना दिया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक का स्वयं हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा करना श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय रहा। इस दौरान प्रशासन और जनता के बीच समन्वय तथा धार्मिक आयोजनों को लेकर प्रशासन की सक्रियता भी देखने को मिली।
सावन की भक्ति, कांवड़ियों का उत्साह और आसमान से बरसते फूलों ने करशूल नाथ धाम के इस धार्मिक आयोजन को भव्य और यादगार बना दिया।

