कलेक्ट्रेट में आत्मदाह की कोशिश, जमीन पर कब्जे के आरोप से मचा हड़कंप, शिकायतों पर कार्रवाई न होने का आरोप, तीन लोगों ने खुद पर डाला डीजल
मामला बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर गांव निवासी परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है। पीड़ित संतरा देवी का आरोप है कि उनके पड़ोसी उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से परिवार परेशान और आक्रोशित है।
संतरा देवी ने आरोप लगाया कि उनकी भूमिधरी आराजी संख्या 360112 एवं 3602/2 की भूमि पर गांव के सूबेदार पुत्र लामताप्रसाद द्वारा बिना अनुमति अवैध निर्माण कराया जा रहा है। परिवार का कहना है कि संबंधित अधिकारियों को मामले से अवगत कराने के बावजूद कब्जे और निर्माण को रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठाया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह मामला बादलपुर क्षेत्र के उदपुर गेलुवा गांव का है। पूरे प्रकरण में कुल 10 डिसमिल जमीन का विवाद है। उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रिया के तहत फिलहाल चार डिसमिल जमीन पर पीड़ित परिवार को कब्जा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी, जबकि शेष छह डिसमिल जमीन का निस्तारण न्यायालय की प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह के प्रयास की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह तीनों को समझाकर उनके पास मौजूद डीजल हटाया गया और उन्हें सुरक्षित किया गया। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार की शिकायत और भूमि विवाद की जांच कराने का आश्वासन दिया।

