दो सप्ताह में दूसरी बार फुंका ट्रांसफार्मर, तीन गांवों में बिजली संकट से किसान बेहाल

48 घंटे से अंधेरे में गौसपुर, इमामपुर बाजार और ताजुद्दीनपुर; ग्रामीणों ने 400 केवीए ट्रांसफार्मर की उठाई मांग

खुटहन, जौनपुर। खुटहन ब्लॉक के गौसपुर बाजार में स्थापित 250 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर दो सप्ताह के भीतर दूसरी बार जल जाने से तीन गांवों की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पिछले 48 घंटे से गौसपुर, इमामपुर बाजार और ताजुद्दीनपुर में बिजली आपूर्ति ठप है। धान की रोपाई और सिंचाई के महत्वपूर्ण समय में बिजली न मिलने से किसान सबसे अधिक परेशान हैं और फसलों पर संकट गहराने लगा है।

ग्रामीणों के अनुसार करीब दो सप्ताह पहले भी अधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। ग्रामीणों की मांग और क्षेत्रीय विधायक रमेश सिंह के प्रयास से नया ट्रांसफार्मर लगाया गया, लेकिन वह एक सप्ताह भी नहीं चल सका और फिर जल गया। लगातार बिजली बाधित रहने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ दुकानदारों और किसानों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि मौजूदा 250 केवीए ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक लोड होने के कारण आए दिन फॉल्ट और बिजली कटौती की समस्या बनी रहती है। शिकायत करने पर विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने बताया कि लगभग छह माह पहले इमामपुर के युवा समाजसेवी सुजीत वर्मा एडवोकेट ने तत्कालीन एसडीओ को प्रार्थना पत्र देकर गौसपुर में अतिरिक्त 100 केवीए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की थी, ताकि ओवरलोड की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। उस समय एसडीओ और जेई ने प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजा था तथा इसकी औपचारिक प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई थी, लेकिन अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लग सका।

अब क्षेत्र के लोगों ने विधायक रमेश सिंह से मिलकर 250 केवीए ट्रांसफार्मर को बढ़ाकर 400 केवीए करने अथवा अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित कराने की मांग की है। विधायक ने भी संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर क्षेत्र की ओवरलोड समस्या का शीघ्र समाधान कराने का आग्रह किया है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही स्थायी समाधान नहीं किया गया तो धान की खेती प्रभावित होने के साथ-साथ हजारों लोगों का सामान्य जनजीवन भी गंभीर रूप से प्रभावित होगा।

Related

JAUNPUR 6650507998091035561

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item