मछलीशहर में असलहा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
जौनपुर। मछलीशहर पुलिस व स्वाट टीम ने ताजुद्दीनपुर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान अंतरजनपदीय असलहा तस्करी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपितों के पास से पांच देशी पिस्टल, सात तमंचे और चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार आरोपित प्रयागराज, जौनपुर और मीरजापुर समेत अन्य जिलों में अवैध असलहों की तस्करी करते थे।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मछलीशहर पुलिस व स्वाट टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर ताजुद्दीनपुर पुलिया के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास से 12 अवैध हथियार बरामद होने पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में शिव प्रकाश मिश्रा और मनकामेश्वर मिश्रा निवासी ढोकरी, थाना फूलपुर, प्रयागराज तथा प्रियांशु शुक्ला निवासी खोजापुर, थाना फूलपुर, प्रयागराज शामिल हैं। पुलिस ने बरामद दोनों मोटरसाइकिलों के चोरी की होने की भी पुष्टि की है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित अंतरजनपदीय अवैध असलहा तस्करी में शामिल हैं। गिरोह का मुख्य सरगना सुनील दूबे निवासी हरसड़, हलिया, मीरजापुर बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम तलाश कर रही है। पुलिस हथियारों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने बताया कि मनकामेश्वर मिश्रा के खिलाफ मछलीशहर में दर्ज वर्तमान मुकदमे के अलावा मीरजापुर के कछवा थाने में आर्म्स एक्ट का मुकदमा भी दर्ज है। तीनों के खिलाफ मछलीशहर थाने में बीएनएस की धारा 317(2) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विनीत राय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव, उपनिरीक्षक विनोद कुमार चतुर्वेदी समेत मछलीशहर पुलिस तथा स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक यजुवेन्द्र सिंह और उनकी टीम शामिल रही।

