नाला जाम, गांव बेहाल! जलनिकासी की मांग लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे इमामपुर के ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि शांति शिक्षण संस्थान से इमामपुर (भिखारीपुर तिरमुहानी) होते हुए इमामपुर बॉर्डर पुलिया तक जाने वाला सरकारी नाला लंबे समय से मिट्टी, कचरे और अन्य मलबे से पटा हुआ है। इसके कारण बरसात का पानी सुचारू रूप से आगे नहीं निकल पा रहा है। वहीं मुख्य मार्ग से राम-जानकी मंदिर के आगे जुम्मन के पाही तक बनी पक्की नाली भी जगह-जगह टूटकर जर्जर हो चुकी है।
जलनिकासी बाधित होने से बरसात के दौरान गांव में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि जल्द नाला और नालियों की सफाई व मरम्मत नहीं कराई गई तो गंदा पानी घरों के साथ मंदिर और विद्यालय परिसर में भी प्रवेश कर सकता है।
धरने की जानकारी मिलने पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए मौके पर टीम गठित कर जांच कराने तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर नाला-नाली की सफाई, निर्माण और मरम्मत की कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। एडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया और शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई।
ग्रामीणों के अनुसार उक्त जलनिकासी व्यवस्था से इमामपुर के अलावा शेखपुर, अशरफपुर, ताजूपुर, संजरपुर, जंजीरगंज और भिखारीपुर समेत आसपास के कई गांवों का बरसाती पानी होकर गोमती नदी तक जाता है। नाले के अवरुद्ध होने से इन गांवों में भी जलभराव का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पुराने आराजी नंबर 125 के नए नंबर 249 सहित संबंधित नाले की तत्काल सफाई, नाला निर्माण और पक्की नाली की मरम्मत कराने की मांग की। इसके साथ ही जंग बहादुर सोनी के घर से प्रजापति बस्ती होते हुए प्रदीप गौतम के घर तक नई नाली निर्माण, इमामपुर बाजार से गौसपुर-ताजुद्दीनपुर बाजार तक जर्जर सड़क की मरम्मत तथा पुराने आराजी नंबर 125 से संबंधित नाला निस्तारण के मामले में भी कार्रवाई की मांग एडीएम के समक्ष रखी गई।
धरने में सुजीत वर्मा एडवोकेट, अशोक अग्रहरि, सर्वजीत गौतम, प्रेमचंद अग्रहरि, जोगिंदर गौतम, रितेश अग्रहरि, राना सिंह, सूबेदार कनौजिया, अमन अग्रहरि, सतीश उर्फ सोनू अग्रहरी, विपिन पाल, बृजेश अग्रहरी, अखिलेश विश्वकर्मा, मोहम्मद समीर, सुनील अग्रहरि, रविंद्र गौतम, आनंद कुमार गौतम, प्रवेश कुमार यादव, दीन मोहम्मद, वरिष्ठ पत्रकार छेदी लाल वर्मा, मिठाई लाल गौतम समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

