धनियामऊ: जहां खेत-खलिहान से नहीं, समुद्र की लहरों से जुड़ी है गांव की पहचान

 21 जहाजों के मालिक और 100 से अधिक कंपनियों का संचालन करते हैं यहां के लोग

जौनपुर। आमतौर पर गांव की पहचान खेती-किसानी, पशुपालन या स्थानीय कारोबार से होती है, लेकिन जौनपुर का धनियामऊ गांव इस पारंपरिक पहचान से कहीं आगे निकल चुका है। यहां के लोगों ने समुद्र की लहरों पर अपना ऐसा साम्राज्य खड़ा किया है कि यह गांव अब शिपिंग सेक्टर में अपनी अलग पहचान बना चुका है। करीब दो हजार की आबादी वाले इस गांव के हर घर का कोई न कोई सदस्य शिपिंग क्षेत्र से जुड़ा है। यही नहीं, गांव के लोगों के पास 21 जहाज हैं और 100 से अधिक कंपनियों का संचालन भी यहां के लोग कर रहे हैं।


बख्शा-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बसे धनियामऊ को स्थानीय लोग प्यार से 'जहाज वाला गांव' भी कहते हैं। गांव की आर्थिक तरक्की का सबसे बड़ा आधार शिपिंग कारोबार है। गांव के कई परिवारों ने समुद्री कारोबार को अपना पेशा बनाया और देखते ही देखते विदेशों तक अपनी पहचान बना ली।


हर घर की कहानी समुद्र से जुड़ी

 धनियामऊ में शिपिंग कारोबार केवल कुछ चुनिंदा परिवारों तक सीमित नहीं है। गांव के लोगों के अनुसार, यहां के लगभग हर परिवार का किसी न किसी रूप में इस क्षेत्र से जुड़ाव है। कोई जहाज पर नौकरी करता है तो कोई जहाज का मालिक है, जबकि कई लोग शिपिंग कंपनियों का संचालन कर रहे हैं।


गांव के गोपीलाल मिश्र बताते हैं कि पहले गांव आर्थिक रूप से सामान्य था, लेकिन शिपिंग कारोबार से जुड़ने के बाद यहां के परिवारों की आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव आया। आज गांव में ऐसे अनेक परिवार हैं जिनके सदस्य मुंबई और देश के दूसरे बड़े शहरों में रहते हैं, जबकि उनकी कारोबारी जड़ें धनियामऊ से जुड़ी हैं।


21 जहाजों के मालिक, सौ से अधिक कंपनियां

धनियामऊ की सबसे खास उपलब्धि यह है कि यहां के लोगों के पास 21 जहाज हैं। इसके अलावा गांव के लोगों की शिपिंग क्षेत्र में 100 से अधिक कंपनियां संचालित हो रही हैं। गांव के कई युवा भी इसी कारोबार को आगे बढ़ा रहे हैं और विदेशों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


गांव के लोग बताते हैं कि शिपिंग सेक्टर में रोजगार के साथ-साथ उद्यमिता के भी बड़े अवसर हैं। इसी वजह से धनियामऊ के युवाओं ने केवल नौकरी तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि धीरे-धीरे कंपनियां खड़ी कीं और जहाजों के मालिक तक बने।


एक परिवार से शुरू हुआ सफर, कई पीढ़ियों तक पहुंचा

गांव में शिपिंग कारोबार की शुरुआत करीब 1930 के आसपास होने की बात सामने आती है। गांव के निवासी प्रेम शंकर मिश्र बताते हैं कि उनके पूर्वज पित भोला नाथ मिश्र मर्चेंट नेवी से जुड़े थे। इसके बाद गांव के दूसरे लोगों ने भी इस क्षेत्र को रोजगार और कारोबार का माध्यम बनाया।


शुरुआत में लोग जहाजों पर नौकरी करने के लिए मुंबई और अन्य स्थानों पर जाते थे। धीरे-धीरे अनुभव और आर्थिक मजबूती के साथ लोगों ने अपना कारोबार शुरू किया। एक के बाद एक परिवार इस क्षेत्र से जुड़ता गया और आज स्थिति यह है कि धनियामऊ की पहचान ही शिपिंग सेक्टर से होने लगी है।


'वोटर आईडी से पहले पासपोर्ट बनवाते हैं युवा'

धनियामऊ की कहानी में सबसे दिलचस्प पहलू यहां के युवाओं का समुद्र और विदेश से जुड़ाव है। गांव के प्रधान लल्लन प्रसाद बताते हैं कि जिले में सबसे ज्यादा पासपोर्ट बनवाने वाला गांव धनियामऊ है। यहां के युवाओं के लिए विदेश जाना और शिपिंग क्षेत्र में काम करना सामान्य बात है।


गांव की आबादी भले ही करीब दो हजार हो, लेकिन बड़ी संख्या में लोग मुंबई समेत देश के विभिन्न शहरों और विदेशों में रहते हैं। गांव के कई युवा समुद्री जहाजों पर काम करते हैं और कुछ ने आगे बढ़कर अपनी शिपिंग कंपनियां स्थापित की हैं।


गांव में 100 से अधिक बीटेक पास युवा

धनियामऊ केवल शिपिंग कारोबार के कारण ही चर्चा में नहीं है। गांव में 100 से अधिक बीटेक पास युवा भी हैं। उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले इन युवाओं में बड़ी संख्या शिपिंग और तकनीकी क्षेत्र से जुड़ी हुई है।


गांव के लोगों का कहना है कि शिक्षा और रोजगार के अवसरों ने यहां की नई पीढ़ी की सोच बदली है। युवा तकनीकी शिक्षा हासिल करने के बाद देश-विदेश में नौकरी करने के साथ-साथ कारोबार में भी कदम रख रहे हैं।


मंदिरों और सामाजिक गतिविधियों में भी आगे

आर्थिक रूप से समृद्ध होने के बावजूद धनियामऊ के लोगों का अपने गांव से जुड़ाव कम नहीं हुआ है। गांव में होने वाले धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में बाहर रहने वाले लोग भी बड़ी संख्या में शामिल होते हैं।


गांव के लोग नारायण मंदिर, काली मंदिर और हनुमान मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लेते हैं। ग्राम प्रधान के अनुसार, गांव के विकास में भी यहां के प्रवासी और कारोबारी परिवार सहयोग करते हैं। शादी-विवाह से लेकर अन्य सामाजिक आयोजनों में भी गांव के बाहर रहने वाले लोग लौटकर अपने लोगों के साथ खड़े होते हैं।


मुंबई में खुला ट्रेनिंग सेंटर, युवाओं को मिल रही दिशा

शिपिंग क्षेत्र में युवाओं की बढ़ती रुचि को देखते हुए मुंबई में निजी स्तर पर ट्रेनिंग सेंटर भी खोला गया है। यहां युवाओं को शिपिंग क्षेत्र में प्रवेश के लिए प्रशिक्षण दिया जाता है। गांव के लोगों के अनुसार, प्रशिक्षण हासिल करने के बाद बड़ी संख्या में युवा मर्चेंट नेवी और शिपिंग कंपनियों में रोजगार पा रहे हैं।


गांव के प्रेम शंकर मिश्र बताते हैं कि 1995 तक शिपिंग क्षेत्र में उत्तर भारतीयों की उपस्थिति बहुत कम थी, लेकिन समय के साथ इस क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ी। आज उत्तर भारत के युवाओं की भी शिपिंग क्षेत्र में मजबूत पकड़ बन चुकी है।


'जहाज वाला गांव' बनी नई पहचान

धनियामऊ की कहानी बताती है कि अगर किसी गांव के लोग किसी एक क्षेत्र में निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ें तो वह क्षेत्र उसकी पहचान बन सकता है। कभी सामान्य गांव के रूप में पहचाना जाने वाला धनियामऊ आज 21 जहाजों, 100 से अधिक कंपनियों, बड़ी संख्या में बीटेक युवाओं और हजारों पासपोर्ट धारकों के कारण देश-दुनिया के नक्शे पर अपनी अलग पहचान बना रहा है।


समुद्र से हजारों किलोमीटर दूर जौनपुर का यह गांव आज समुद्री कारोबार की लहरों पर सवार होकर सफलता की नई कहानी लिख रहा है। यही वजह है कि धनियामऊ को लोग अब सिर्फ एक गांव नहीं, बल्कि 'जहाज वालों का गांव' कहकर पहचानते हैं।


सभार - अमर उजाला अखबार की रिपोर्ट के अनुसार

Related

डाक्टर 4319998062752651662

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item