शौचालय जर्जर, लाइटें बंद और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट खराब, चौकियां धाम में सुंदरीकरण पर सवाल

जौनपुर। स्वच्छता और सुंदरीकरण के नाम पर लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी विशेषरपुर क्षेत्र में प्राचीन पोखरे के किनारे बने चार शौचालय बदहाल पड़े हैं। निर्माण के बाद से ही चालू न हो सके इन शौचालयों के दरवाजे टूट चुके हैं और परिसर में गंदगी व झाड़-झंखाड़ का अंबार है। पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं है। इससे स्वच्छ भारत अभियान की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

इनमें एक शौचालय महिलाओं, दो पुरुषों और एक दिव्यांगों के लिए बनाया गया है। शौचालयों पर लिखी जागरूकता की लाइनें 'लोटा बोतल बंद करें, शौचालय का प्रबंध करें' और 'बहू-बेटियां दूर न जाएं, शौचालय घर में बनवाएं' अब व्यवस्था की बदहाली पर सवाल खड़े करती नजर आ रही हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी सुविधा का लाभ नहीं मिलना सरकारी धन की बर्बादी है।

एक माह चलीं रंगीन लाइटें, फिर हो गईं बंद

चौकियां धाम। मां शीतला चौकियां धाम स्थित सरोवर की सीढ़ियों पर सुंदरीकरण के दौरान वर्ष 2019 में लगाई गईं अंडरग्राउंड रंगीन लाइटें भी लंबे समय से बंद हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण के बाद करीब एक माह तक लाइटें चलीं, इसके बाद खराब हो गईं। अब सीढ़ियों पर लगी सभी लाइटें बंद पड़ी हैं।

वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी बंद

सरोवर के पानी को स्वच्छ रखने और जलीय जीवों की सुरक्षा के लिए वर्ष 2019 में लगाया गया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी लंबे समय से खराब पड़ा है। प्लांट बंद होने से सरोवर के पानी की स्थिति खराब हो रही है। यहां कछुए और मछलियां समेत कई जलीय जीव विचरण करते हैं। लोगों ने प्रशासन से प्लांट को दुरुस्त कर नियमित संचालन कराने की मांग की है।

खास बात यह है कि इसी मार्ग से जिलाधिकारी समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारियों का शीतला चौकियां धाम आना-जाना होता है। इसके बावजूद बदहाल शौचालय, बंद लाइटों और खराब वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर जिम्मेदारों की नजर नहीं पड़ना क्षेत्रवासियों के लिए चिंता का विषय बना है। लोगों ने शौचालयों की मरम्मत, साफ-सफाई, पानी की व्यवस्था और सभी सुविधाओं को तत्काल चालू कराने की मांग की है।

Related

JAUNPUR 8201411326456465462

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item