संस्कार भारती जौनपुर की वार्षिक योजना बैठक सम्पन्न
https://www.shirazehind.com/2026/08/blog-post_758.html
कला एवं साहित्य के संरक्षण व संवर्धन के संकल्प के साथ कार्ययोजना पर हुआ मंथन
जौनपुर। कला एवं साहित्य के लिए समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती जौनपुर की वार्षिक योजना बैठक हुई जहां विगत वर्ष की कार्यवाही की पुष्टि, वर्ष भर किये गये कार्यों का प्रतिवेदन तथा आगामी सत्र की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।महामंत्री अमित गुप्ता ने संस्था द्वारा विगत वर्ष किये गये विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तो कोषाध्यक्ष राजकमल जी ने संस्था के आय-व्यय का विस्तृत विवरण सदन के समक्ष रखा।
इसके पहले कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं ध्येय गीत के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन काशी प्रांत की प्रांतीय उपाध्यक्ष सुचरिता गुप्ता, "कोशिश" संस्था के जिलाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद अस्थाना, काशी प्रान्त के महामंत्री सुजीत जी, संस्कार भारती जौनपुर के संरक्षक रविन्द्र जी, अध्यक्ष डॉ. ज्योति दास एवं महामंत्री अमित गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।
इस मौके पर जनार्दन अस्थाना ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संस्था की मजबूत रीढ़ होता है। कार्यकर्ता से ही संगठन की शक्ति और पहचान बनती है। काशी प्रांत की प्रांतीय उपाध्यक्ष सुचरिता गुप्ता ने कहा कि आज अनेक लोक कलाएं, लोक गीत एवं लोक संगीत धीरे-धीरे विलुप्त होते जा रहे हैं।
काशी प्रांत के महामंत्री सुजीत जी ने कहा कि आज का युवा अनेक प्रकार के भटकाव का सामना कर रहा है। ऐसे समय में संस्कार भारती जैसी संस्था बचपन से ही बच्चों में संस्कार, संस्कृति और रचनात्मकता के बीज बोने का कार्य कर रही है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक प्रमुख रामचंद्र जी का भी आगमन हुआ। उन्होंने संस्कार भारती के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था जमीन से जुड़कर निरंतर कार्य कर रही है और आज अपनी कार्यशैली के कारण नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
अंत में आगामी सत्र के कार्यक्रमों एवं गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने, अधिक से अधिक लोगों को भारतीय कला एवं संस्कृति से जोड़ने तथा संस्था के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
बैठक के समापन से पूर्व संस्था के सदस्यों एवं उनके निकट परिजनों के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की गई। दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करने के लिए सभी उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखा। इसके पश्चात सामूहिक रूप से ‘वन्दे मातरम्’ का गायन किया गया और इसी के साथ वार्षिक योजना बैठक का विधिवत समापन हुआ।

