सड़क ऊंची हुई तो घरों में घुसेगा पानी! सादीगंज बाजार के लोगों ने डीएम से लगाई गुहार, बोले- चौड़ीकरण के नाम पर बर्बादी का प्रस्ताव वापस हो
जौनपुर। मछलीशहर कस्बे के सादीगंज बाजार से बरईपार चौराहा जाने वाले मार्ग के प्रस्तावित चौड़ीकरण एवं सड़क को ऊंचा किए जाने को लेकर वार्ड संख्या सात के नागरिकों में आक्रोश है। मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि सड़क को वर्तमान स्तर से करीब चार से पांच फीट ऊंचा कर बनाए जाने की योजना से दर्जनों मकानों की जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित हो जाएगी और बारिश का पानी घरों में घुसने की स्थिति पैदा हो सकती है। नागरिकों ने प्रस्तावित निर्माण कार्य को जनहित में तत्काल रोकने तथा मौके की जांच कराने की मांग की है।
जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में वार्ड संख्या सात, सादीगंज बाजार, मछलीशहर नगर पंचायत के निवासियों ने बताया कि वे वर्षों से सादीगंज बाजार में सड़क के किनारे मकान बनाकर निवास कर रहे हैं। वर्तमान में सड़क के दोनों ओर जलनिकासी के लिए नालियों का निर्माण है और सड़क तथा नाली की व्यवस्था से मोहल्ले के लोगों को किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
नागरिकों का कहना है कि उन्हें जानकारी मिली है कि नगर पंचायत द्वारा सादीगंज बाजार से बरईपार चौराहा जाने वाले मार्ग की सड़क को वर्तमान स्तर से लगभग चार से पांच फीट ऊंचा कर नई सड़क बनाए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। लोगों का कहना है कि यदि सड़क इतनी ऊंची कर दी गई तो उनके मकान सड़क के मुकाबले काफी नीचे हो जाएंगे।
प्रार्थना पत्र में मोहल्लेवासियों ने आशंका जताई है कि सड़क ऊंची होने के बाद मकानों की जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो जाएगी। मकानों और उनकी नालियों का स्तर सड़क से नीचे हो जाने के कारण पानी के बाहर निकलने का रास्ता बाधित होगा। बरसात के दौरान जलभराव होने पर पानी घरों में घुसने की स्थिति बन सकती है।
लोगों ने कहा कि वर्तमान में सड़क पूरी तरह ठीक है और जलनिकासी की व्यवस्था भी बनी हुई है। ऐसे में केवल सड़क को ऊंचा करने के लिए निर्माण कराना लोगों की समझ से परे है। उनका आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण के नाम पर सरकारी धन खर्च करने की तैयारी की जा रही है, जबकि इससे नागरिक सुविधाएं बढ़ने के बजाय लोगों के सामने नई मुसीबत खड़ी हो सकती है।
मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की मौके पर जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले यह देखा जाए कि प्रस्तावित सड़क की ऊंचाई बढ़ने से आसपास के मकानों, नालियों और जलनिकासी व्यवस्था पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
नागरिकों ने मांग की है कि सड़क को वर्तमान स्तर से अनावश्यक रूप से ऊंचा न किया जाए और ऐसी कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे सड़क निर्माण के साथ-साथ घरों की जलनिकासी व्यवस्था भी सुरक्षित रहे।
प्रार्थना पत्र के अंत में नागरिकों ने कहा कि जनहित और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित कार्ययोजना की समीक्षा की जाए तथा ऐसी किसी भी योजना को आगे न बढ़ाया जाए, जिससे मोहल्लेवासियों को भविष्य में जलभराव और मकानों के अनुपयोगी होने जैसी समस्या का सामना करना पड़े।
ज्ञापन देने वालों में लवकुश कुमार गौतम,शबीर अहमद,नितिन विश्वकर्मा ,विशाल प्रजापति,मनीष सोनकर,अनिल विश्वकर्मा,सोनू,जानी शाह,राम दुलार समेत भारी संख्या में लोग शामिल हैं।

