ताबड़तोड़ फायरिंग में ईंट-भट्ठा कारोबारी समेत दो लोगों को घायल करने के मामले में पांच गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से खुली हमलावरों की पहचान, थार-स्कार्पियो व अर्टिगा पुलिस ने की जब्त


जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला मोड़ तिराहे के पास बुधवार की रात ईंट-भट्ठा कारोबारी विपिन यादव उर्फ मखन्चु समेत लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त थार, स्कार्पियो और अर्टिगा कार भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान हुई।

बुधवार, नौ सितंबर की रात करंजाकला मोड़ तिराहे के पास विपिन यादव उर्फ मखन्चु अपनी गाड़ी में बैठे थे। इसी दौरान थार, स्कार्पियो और अर्टिगा कार में सवार होकर आए हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से असलहों से फायरिंग शुरू कर दी गई। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में ईंट-भट्ठा कारोबारी समेत कई लोग घायल हो गए थे।

मामले में सरायख्वाजा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 508/2026 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस और सात सीएलए एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सरायख्वाजा राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच तेज की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले।

इसके आधार पर पुलिस ने गुरुवार को अंकित पाल निवासी खजुरा, करिया यादव निवासी खजुरा, रंजीत प्रजापति निवासी खजुरा, धीरज यादव निवासी आदमपुर मझौरा और मोनू यादव निवासी बरैयाकाजी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई काले रंग की थार (यूपी 62 डीके 8884), सफेद रंग की स्कार्पियो (यूपी 14 सीएम 8079) और सफेद रंग की अर्टिगा (यूपी 75 एएम 9687) को कब्जे में ले लिया। तीनों वाहनों को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में करिया यादव के विरुद्ध सरायख्वाजा थाने में वर्ष 2026 का एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। उसके विरुद्ध धारा 115(2), 117(2), 191(2), 324(4), 351(3), 352 बीएनएस तथा 3(2)(वीए) एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज बताया गया है। अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास फिलहाल इसी मुकदमे से संबंधित बताया गया है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक गोबिन्द मौर्या, उपनिरीक्षक तारकेश्वर राय समेत सरायख्वाजा थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।


Related

डाक्टर 19234490274824901

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item