कार्य में घोर लापरवाही पर एसपी ने तीन दरोगाओं समेत दस पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
पुलिस कप्तान के सख्त तेवर से विभाग में हड़कंप, सरायख्वाजा के छह और लाइन बाजार के चार पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
जौनपुर। कार्य के प्रति घोर लापरवाही बरतना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन दरोगाओं समेत 10 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पुलिस कप्तान की इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है। एक साथ दो थानों के पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई को लेकर पुलिस महकमे में दिनभर चर्चा रही।
एसएसपी ने यह कार्रवाई पुलिसकर्मियों द्वारा अपने कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता तथा अभ्यस्त व दुस्साहसी अभियुक्तों की निगरानी में लापरवाही बरतने के मामले में की है।
सरायख्वाजा थाने में तैनात उपनिरीक्षक गोविन्द मौर्या, उपनिरीक्षक खलीकुज्जमा, मुख्य आरक्षी मनोज गोंड, मुख्य आरक्षी शशि प्रकाश सिंह, मुख्य आरक्षी धनन्जय यादव और आरक्षी अक्षय कुमार को निलंबित किया गया है।
इसी तरह थाना लाइन बाजार में तैनात उपनिरीक्षक रामभरोसा राम, उपनिरीक्षक धन्जी चौधरी, मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार सिंह और आरक्षी विश्वास यादव को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अभ्यस्त एवं दुस्साहसी अभियुक्तों पर प्रभावी निगरानी रखना पुलिस की अहम जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इसी को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।
एसएसपी की एक साथ दो थानों के 10 पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। कार्रवाई के बाद थानों में तैनात पुलिसकर्मी अपने-अपने दायित्वों को लेकर और अधिक सतर्क नजर आए। पुलिस कप्तान के इस कदम को विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
एसएसपी ने साफ संदेश दिया है कि अपराधियों पर निगरानी में चूक हो या कर्तव्य के प्रति लापरवाही—किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

