शिक्षक हितों के सजग प्रहरी थे स्वर्गीय पंचानन राय : जगदीश सोनकर
केराकत। सैनिक गिरजा शंकर महाविद्यालय, केराकत में 5 सितंबर को शिक्षक हितों के सजग प्रहरी एवं शिक्षकों के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय पंचानन राय की 19वीं पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं विधायक जगदीश सोनकर ने दीप प्रज्वलित कर स्वर्गीय पंचानन राय के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उपस्थित शिक्षकों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्य अतिथि जगदीश सोनकर ने कहा कि स्वर्गीय पंचानन राय शिक्षक हितों के सजग प्रहरी थे। वह लाखों शिक्षकों के हृदय की धड़कन बनकर आज भी शिक्षक समाज के बीच जीवंत हैं। शिक्षकों को आज जो अधिकार और उपलब्धियां हासिल हैं, उन्हें प्राप्त कराने में पंचानन राय का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनका संघर्ष, त्याग और शिक्षक समाज के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम में सामाजिक सरोकार का संदेश भी देखने को मिला। असहाय एवं जरूरतमंद स्थानीय महिलाओं को साड़ी वितरित की गई। वहीं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं को कलम एवं डायरी प्रदान की गई।
इस अवसर पर उप-प्राचार्य सुमन गिरी, आशीष कुमार, अमर कुमार, दीपक सिंह, समाजसेवी बलवंत राय, संतोष साहू, राकेश सिंह, संजय राय, धर्मेंद्र यादव, मौलवी राम, पुष्पा देवी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आयोजक एवं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजेश सिंह ‘मुन्ना’ ने अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय पंचानन राय जैसे संघर्षशील और समर्पित शिक्षक नेता को खोने के बाद शिक्षक समाज अपनी उपलब्धियों एवं अधिकारों को सरकार से संरक्षित कराने में लगातार कमजोर होता जा रहा है। ऐसे समय में पंचानन राय के संघर्ष, विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

