बीएसए के औचक निरीक्षण में खुली परिषदीय विद्यालयों की पोल, कुड़वा परियावां में पूरे स्टाफ का वेतन रोका

जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के मंगलवार को विकासखंड सिरकोनी के चार परिषदीय विद्यालयों के औचक निरीक्षण में शिक्षा और विद्यालयी व्यवस्थाओं की कई खामियां सामने आईं। कहीं विद्यालय परिसर और शौचालय गंदे मिले तो कहीं जलभराव की समस्या मिली। कई विद्यालयों में निपुण भारत मिशन से संबंधित सामग्री का अभाव पाया गया। वहीं प्राथमिक विद्यालय कुड़वा परियावां में बच्चों का शैक्षिक स्तर बेहद कमजोर मिलने और मध्याह्न भोजन व्यवस्था में लापरवाही पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक समेत पूरे स्टाफ का सितंबर 2026 का वेतन एवं मानदेय अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए।

बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय कुद्दूपुर प्रथम, प्राथमिक विद्यालय सैदाबाद, प्राथमिक विद्यालय कुड़वा परियावां और कंपोजिट विद्यालय परियावां का निरीक्षण कर छात्र उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था, निपुण भारत मिशन, डीबीटी, मध्याह्न भोजन, कंपोजिट ग्रांट और विद्यालयों में संचालित विभिन्न योजनाओं की हकीकत परखी।

प्राथमिक विद्यालय कुद्दूपुर प्रथम में 148 नामांकित विद्यार्थियों के सापेक्ष 107 बच्चे उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में मध्याह्न भोजन के रूप में दाल-चावल बन रहा था। कक्षों की दीवारों पर निपुण भारत मिशन से संबंधित पोस्टर नहीं लगे मिले। विद्यालय में चहारदीवारी का भी अभाव पाया गया। परिसर में मौजूद जर्जर कमरों में बच्चों को न बैठाने का निर्देश बीएसए ने दिया। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को सभी कमियां तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

प्राथमिक विद्यालय सैदाबाद में 126 नामांकित बच्चों में 79 उपस्थित मिले। निरीक्षण के समय प्रधानाध्यापक संदीप कुमार शर्मा आकस्मिक अवकाश पर थे। विद्यालय परिसर में अत्यधिक गंदगी मिली और शौचालयों की साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं थी। परिसर में जलभराव की स्थिति मिलने पर बीएसए ने तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। संबंधित जिम्मेदारों को सात दिनों के भीतर कमियां दूर कर फोटो सहित स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने को कहा गया।

प्राथमिक विद्यालय कुड़वा परियावां में 91 नामांकित बच्चों के सापेक्ष 67 विद्यार्थी उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान मध्याह्न भोजन व्यवस्था में भी लापरवाही सामने आई। बच्चे अव्यवस्थित तरीके से बैठे मिले और भोजन के दौरान शिक्षकों की निगरानी भी संतोषजनक नहीं पाई गई।

विद्यालय परिसर में गंदगी और शौचालयों में साफ-सफाई का अभाव मिला। सबसे गंभीर स्थिति बच्चों के शैक्षिक स्तर की रही। कक्षा पांच के छात्र हिंदी और अंग्रेजी के पाठ का संतोषजनक ढंग से वाचन तक नहीं कर सके।

मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए समीर ने प्रधानाध्यापक सहित पूरे स्टाफ का सितंबर माह का वेतन एवं मानदेय अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। सभी संबंधित कर्मचारियों को सात दिनों के भीतर कमियां दूर कर फोटो सहित स्पष्ट स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है।

कंपोजिट विद्यालय परियावां में 277 नामांकित बच्चों के सापेक्ष 126 विद्यार्थी उपस्थित मिले। विद्यालय में स्मार्ट क्लास संचालित मिली, लेकिन परिसर में जलभराव की समस्या बनी हुई थी। विद्यालय की दीवारों पर रंगाई-पुताई का भी अभाव पाया गया। बीएसए ने प्रधानाध्यापक को कमियां शीघ्र दूर कर सात दिनों के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बीएसए समीर ने सभी प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को विद्यालय परिसर, कक्षों और शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीएलएम और अन्य शिक्षण सामग्री का प्रभावी उपयोग कर बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार लाने तथा निर्धारित समय सीमा में विद्यार्थियों को निपुण बनाने पर विशेष जोर दिया।

खंड शिक्षा अधिकारी सिरकोनी को निरीक्षण में सामने आई कमियों का तत्काल निस्तारण कराने और एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। बीएसए ने स्पष्ट किया कि निर्देशों की अनदेखी करने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related

डाक्टर 6739213774327741690

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item