मिट्टी से सजी बच्चों की कल्पना, चाक पर दिखी हुनर की उड़ान

 कंपोजिट विद्यालय देवकली में इको क्लब ने आयोजित की कौशल कार्यशाला, पारंपरिक कुम्हारी कला से रूबरू हुए छात्र-छात्राएं

जौनपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के निर्देश पर मुफ्तीगंज विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय देवकली में इको क्लब के तत्वावधान में स्थानीय कुम्हार शिल्पकार के साथ कौशल कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को पारंपरिक कुम्हारी कला की बारीकियों से परिचित कराने के साथ मिट्टी से विभिन्न उपयोगी एवं आकर्षक वस्तुएं बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला के दौरान स्थानीय कुम्हार शिल्पकार ने बच्चों को मिट्टी तैयार करने से लेकर उसे चाक पर रखने, घुमाने और मनचाहा आकार देने की पूरी प्रक्रिया समझाई। छात्र-छात्राओं को मिट्टी के खिलौने, मूर्तियां तथा विभिन्न प्रकार की कलाकृतियां बनाने का प्रशिक्षण भी दिया गया। बच्चों ने पूरी प्रक्रिया को बेहद उत्सुकता के साथ देखा और फिर स्वयं चाक पर हाथ आजमाकर मिट्टी को अलग-अलग आकार देने का प्रयास किया।

सहायक अध्यापिका सविता मौर्या के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। चाक पर मिट्टी को आकार देते समय बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। किसी ने खिलौने बनाए तो किसी ने अपनी कल्पना के अनुरूप आकर्षक आकृतियां तैयार कीं। इस दौरान विद्यार्थियों ने न केवल अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया, बल्कि सदियों पुरानी पारंपरिक कुम्हारी कला को करीब से समझने का अवसर भी प्राप्त किया।

विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों को किताबों की दुनिया से बाहर निकलकर स्थानीय कला, संस्कृति और पारंपरिक हुनर से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मिट्टी जैसी प्राकृतिक सामग्री के साथ काम करने से बच्चों में रचनात्मकता, धैर्य, एकाग्रता और व्यावहारिक कौशल का भी विकास होता है।

कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्थानीय कला एवं पारंपरिक शिल्प से जोड़ने के साथ पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और उनमें रचनात्मक सोच तथा व्यावहारिक कौशल विकसित करना रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी सहभागिता की।


Related

डाक्टर 1576314461188684033

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item