फ्रेंड्स ग्रुप ट्रस्ट लोगों को एक मंच पर लाने का कर रहा सकारात्मक कार्य : बृजेश पाठक
लखनऊ विश्वविद्यालय में सम्मान समारोह, कवि सम्मेलन व मुशायरे का आयोजन, विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाएं सम्मानित
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के अरबी-फारसी विभाग में बुधवार को फ्रेंड्स ग्रुप ट्रस्ट एवं जारा इवेंट्स के तत्वावधान में भव्य सम्मान समारोह, कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और साहित्यिक जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक रहे। उन्होंने कहा कि फ्रेंड्स ग्रुप ट्रस्ट का उद्देश्य समाज में सकारात्मक कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और साहित्य एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े आयोजनों के माध्यम से लोगों को एक मंच पर लाना है। ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ता है और समाज के अन्य लोगों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
कवि सम्मेलन-मुशायरा आपसी भाईचारे का माध्यम : न्यायमूर्ति रिजवी
कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का उद्घाटन इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ के न्यायमूर्ति सैयद कमर हसन रिजवी ने शमा रोशन कर किया। उन्होंने कहा कि साहित्यिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं। कवि सम्मेलन और मुशायरे आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज में मेल-जोल और सौहार्द की भावना निरंतर मजबूत होनी चाहिए। साहित्य और संस्कृति लोगों को जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
कुलपति ने की आयोजन की सराहना
कार्यक्रम की अध्यक्षता लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति जयप्रकाश सैनी ने की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक विमर्श को आगे बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण मंच है। कवि सम्मेलन और मुशायरे जैसे आयोजन विद्यार्थियों एवं समाज में साहित्य और संस्कृति के प्रति रुचि पैदा करते हैं।
उन्होंने कहा कि साहित्य समाज का आईना है। कवि और शायर अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज की भावनाओं, समस्याओं और उम्मीदों को अभिव्यक्त करते हैं।
पूर्व एमएलसी सिराज मेंहदी का मनाया जन्मदिन
कार्यक्रम से पूर्व पूर्व एमएलसी सिराज मेंहदी का जन्मदिन अतिथियों ने केक काटकर मनाया। सिराज मेंहदी ने सभी अतिथियों एवं आयोजकों के प्रति आभार जताते हुए भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
कार्यक्रम में विधायक रमेश चंद्र मिश्रा, विधायक डॉ. आरके पटेल, अशरफ खान, अपना दल (एस) के राष्ट्रीय महासचिव पप्पू माली, सांसद जगदंबिका पाल, पूर्व डीजीपी रिजवान अहमद, पूर्व मंत्री नसीरुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व मंत्री नदीम जायसी, पूर्व मंत्री हेमंत तिवारी, पूर्व आइएएस प्रकाश चंद श्रीवास्तव, सुरेश बहादुर सिंह, राजेश सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा एमएलसी डॉ. माजिद देवबंदी, डॉ. हरिओम, जोहर कानपुरी, शबीना अदीब, अजहर इकबाल, हिमांशी बावरा, अफजल इलाहाबादी, अखिलेश द्विवेदी, सर्वेश अस्थाना, गजल गायक मिथिलेश लखनवी, डॉ. विवेक श्रीवास्तव, नितिन सिंह, सरदार मनमोहन सिंह, सरदार तरनजीत सिंह और डॉ. रुचि शर्मा सहित बड़ी संख्या में साहित्य एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
इन प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित
सम्मान समारोह में रजनीकांत मिश्रा, रवि प्रकाश पांडेय, डॉ. रुचि शर्मा, हर्षवर्धन रघुवंशी, वासु अग्रहरि, राहुल शेख, हसनैन कमर 'दीपू', रमापति तिवारी, मयंक तिवारी, मोहम्मद सोहेल, मोहम्मद शेख, शकील अहमद, अजमत कातिल शेख, डॉ. नासिर खान, वहीद भाई सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
कवियों और शायरों ने बांधा समां
सम्मान समारोह के बाद कवि सम्मेलन एवं मुशायरे में कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हास्य-व्यंग्य, प्रेम, देशभक्ति, सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ी प्रस्तुतियों पर सभागार देर तक तालियों से गूंजता रहा। कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और एकता का संदेश दिया।
फ्रेंड्स ग्रुप ट्रस्ट के अध्यक्ष मिनाज सलमान शेख ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया, जबकि इवेंट मैनेजमेंट की जिम्मेदारी जारा इवेंट्स ने संभाली। समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, सम्मानित प्रतिभाओं, कवियों, शायरों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया।

