आउटसोर्स कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा की गारंटी : योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से किया डिजिटल एकीकरण की व्यवस्था का शुभारंभ, जौनपुर में भी देखा गया सजीव प्रसारण
जौनपुर। आउटसोर्स कर्मचारियों के मानव संसाधन प्रबंधन को डिजिटल रूप से एकीकृत करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने बुधवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) का शुभारंभ किया। इस दौरान UPCOS के पोर्टल एवं वेबसाइट की लॉन्चिंग, लोगो का अनावरण तथा आउटसोर्स कर्मचारियों को चेक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में किया गया। नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, कजगांव के अध्यक्ष फिरोज अहमद, मुंगराबादशाहपुर के अध्यक्ष कपिल मुनि वैश्य, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया समेत अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद में अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों को बुके एवं पुस्तक भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों मेराज, विनोद, वाजिद, फिरोज, सलीम, आशीष, राहुल, नियाज, अमित और रहमान को सेफ्टी किट वितरित की गई।
श्रमिकों को लाखों रुपये की सहायता
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न श्रम कल्याण योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के सांकेतिक चेक भी प्रदान किए गए। मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत श्रमिक रवि कुमार, मो. सादाब और दीपक को 56 हजार रुपये के सांकेतिक चेक दिए गए।
कन्या विवाह सहायता योजना के तहत जीउत राम, शकुंतला और परमशीला देवी को 65 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए। वहीं मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना के अंतर्गत संगीता और रामवती को दो लाख 25 हजार रुपये का चेक वितरित किया गया।
शोषित और वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ रही सरकार
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन मुख्यमंत्री की संवेदनशील सोच का परिणाम है। सरकार लगातार शोषित और वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रयासरत है। कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण सौगात है।
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के गठन के अवसर पर ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित हुआ है। जिला प्रशासन कर्मचारियों के साथ खड़ा है और मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रीति श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर महामंत्री पियूस गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, एएलसी देवव्रत यादव, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, सेवायोजन अधिकारी सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

