हुनर से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ीं महिलाएं और छात्राएं
अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट के शिविर में 30 प्रशिक्षणार्थियों ने सीखे सौंदर्य कला के गुर, प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानितजौनपुर। हुनर हाथों को हुनरमंद बनाने के साथ ही आत्मनिर्भरता का रास्ता भी खोलता है। इसी उद्देश्य से अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से टीप टॉप ब्यूटी पार्लर, टीडी कालेज दक्षिणी गेट पर आयोजित 45 दिवसीय निःशुल्क सौंदर्य प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। शिविर में 30 महिलाओं और छात्राओं ने सौंदर्य कला का प्रशिक्षण लेने के साथ आत्मविश्वास और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के गुर सीखे।
समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि बयालसी महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलकेश्वरी सिंह और विशिष्ट अतिथि तिलकधारी सिंह महाविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. माया सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि डॉ. अलकेश्वरी सिंह ने कहा कि प्रशिक्षणार्थियों में सीखने की ललक और उत्साह उनके भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने वाला है। महिलाओं और छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट की पहल सराहनीय है। प्रशिक्षक सीमा गुप्ता ने 45 दिनों तक प्रशिक्षण देकर प्रशिक्षणार्थियों को सौंदर्य कला में दक्ष बनाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. माया सिंह ने कहा कि हुनर केवल हाथों को दक्ष नहीं बनाता, बल्कि व्यक्ति को अपने पैरों पर खड़े होने का साहस भी देता है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली छात्राएं और महिलाएं भविष्य में किसी पर आश्रित रहने के बजाय अपने हुनर के दम पर अलग पहचान बना सकती हैं। ऐसे प्रयासों में प्रशिक्षण के साथ प्रोत्साहन भी जरूरी है, जिसे ट्रस्ट परिवार लगातार विभिन्न स्थानों पर कर रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रशिक्षणार्थियों को भी सम्मानित किया गया। वैक्सिंग में सुशीला यादव, हेयर स्टाइल में जानकी और मेकअप में कोमल अग्रहरि ने बेहतर प्रदर्शन किया। उन्हें अतिथियों ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया। शिविर में शामिल सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. अलकेश्वरी सिंह और विशिष्ट अतिथि डॉ. माया सिंह के साथ क्षमा सिंह, रेखा सिंह और उर्वशी सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। ट्रस्ट परिवार की सदस्य रेखा सिंह ने आभार व्यक्त किया। संचालन क्षमा सिंह ने किया।
