बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, भाजपा सरकार खोले बंद विद्यालय : राहुल त्रिपाठी
बंद विद्यालय के विरोध में सपा का जोरदार प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि विद्यालय बंद होने से क्षेत्र के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। अभिभावकों ने विद्यालय को तत्काल खोले जाने की मांग की।
इस मौके पर सपा नेता राहुल त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर एक तरफ देश और प्रदेश में शिक्षकों के सम्मान की बात की जा रही है, वहीं दूसरी ओर सरकार द्वारा विद्यालयों को बंद किया जा रहा है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालय गरीब, मजदूर और वंचित परिवारों के बच्चों की शिक्षा का सबसे बड़ा सहारा हैं। ऐसे विद्यालयों को बंद करने से सबसे अधिक नुकसान गरीब परिवारों के बच्चों को उठाना पड़ता है।
राहुल त्रिपाठी ने कहा कि समाजवादी पार्टी बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने भाजपा सरकार से मांग की कि कल्याणपुर पूर्व माध्यमिक विद्यालय को तत्काल पुनः संचालित किया जाए और यहां पढ़ने वाले बच्चों की शिक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा शिक्षा, शिक्षक और विद्यार्थियों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। यदि सरकार ने बंद विद्यालयों को खोलने और बच्चों की शिक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की दिशा में जल्द कदम नहीं उठाया तो पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन को और व्यापक करेगी।
प्रदर्शन में भुलई चौहान, शैलेंद्र चौहान, महेंद्र मौर्य, रविंद्र यादव पिंकू, शंकर चौहान, मोनू चौहान, विवेक, संजीव चौहान, विपुल चौहान, राम रतन चौहान समेत विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

