महिलाओं और बच्चियों को आत्मनिर्भर बनाना पुनीत कार्य : डॉ. अजय कुमार सिंह
अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट की 45 दिवसीय निशुल्क सौंदर्य प्रशिक्षण कार्यशाला का हुआ समापन
जौनपुर। सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में सक्रिय संस्था अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट की ओर से महिलाओं और बच्चियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित 45 दिवसीय निशुल्क सौंदर्य प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन डोभी क्षेत्र स्थित खुज्जी मोड़ के निखार ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र पर हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष मछलीशहर डॉ. अजय कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।कार्यक्रम में ट्रस्ट की अध्यक्ष उर्वशी सिंह ने स्वागत करते हुए संस्था की ओर से महिलाओं और बच्चियों के हित में लगातार किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य महिलाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
मुख्य अतिथि डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करना नेक और पुनीत पहल है। अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा महिलाओं और बच्चियों को प्राथमिकता के आधार पर प्रशिक्षण देने का कार्य सराहनीय है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी ट्रस्ट को मिले, इसके लिए प्रयास किया जाएगा, ताकि संस्था भविष्य में और व्यापक स्तर पर कार्य कर सके।
उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चियों को जागरूक करना तथा उन्हें अपने अधिकारों के लिए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना आज के समय में बेहद जरूरी है। ट्रस्ट द्वारा आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार किए जा रहे प्रयासों का विस्तार हर ब्लॉक और तहसील स्तर तक किया जा रहा है। उन्होंने ट्रस्ट के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. अजय कुमार सिंह के साथ राधिका सिंह, मनोरमा सिंह, मीरा अग्रहरि, क्षमा सिंह और प्रशिक्षक सरोज गुप्ता ने प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
कार्यशाला में ज्योति कुमारी, ज्योति गुप्ता और डॉली मौर्या ने प्रशिक्षण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के बीच विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें बेस्ट मेकअप में गुंजन, बेस्ट हेयर कट में नेहा, हेयर डू में मोनी, बेस्ट स्किन में आंचल और एडवांस श्रेणी में स्नेहा ने बेहतर प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का संचालन अध्यक्ष मीरा अग्रहरि ने किया, जबकि महासचिव राधिका सिंह ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जटाशंकर सिंह, क्षमा सिंह, मनोरमा सिंह, शहजादी गुप्ता, डिम्पल सहित ट्रस्ट परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

