जौनपुर में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, राजीव भवन पर घेराव को लेकर गरमाया माहौल
भाजपा महिला पदाधिकारियों के घेराव के प्रयास पर कांग्रेसियों ने की जमकर नारेबाजी, भारी पुलिस बल ने संभाली स्थिति
जौनपुर। जिले में सोमवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति के नेतृत्व में महिला पदाधिकारियों की टीम जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन का घेराव करने पहुंची तो कार्यालय पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा के नेतृत्व में जमकर नारेबाजी की। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी से माहौल गरमा गया और टकराव की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते स्थिति को नियंत्रण में रखा गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पार्टी की नीतियों और कार्यशैली पर सवाल उठाए। इस दौरान कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वोट चोरी करने वाली सरकार है और दुष्कर्म के आरोपियों तथा भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देती है।
राकेश मिश्रा ने मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई हिंसा और दुष्कर्म के आरोपी प्रज्वल रेवन्ना के मामले का उल्लेख करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की बात करने वाली भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने उजागर हो चुका है। उनके मुताबिक, ऐसे मामलों में भाजपा के रवैये ने देश के गौरवशाली इतिहास और छवि को कलंकित किया है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। राकेश मिश्रा ने कहा कि देश के नौजवानों, किसानों और आम जनता के सामने भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा बेनकाब हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब भाजपा की नीतियों और कार्यप्रणाली का जवाब देने के लिए तैयार है।
भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच बढ़ते राजनीतिक तनाव के दौरान पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस की सतर्कता के चलते स्थिति को नियंत्रित रखा गया।
इस मौके पर कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष विनय तिवारी, शिव मिश्रा, लाल प्रकाश पाल, रामसिंह बांकुरे, विजय कुमार प्रजापति, विजय बहादुर यादव, तौफीक अहमद, अनिरुद्ध पटेल सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

