छिपा हुआ शुल्क लगाया तो व्यापार मंडल करेगा विरोध: जैकी साहू
व्यापारियों ने उठाई एमडीआर समाप्त करने, सुरक्षा बीमा और बाजारों की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
जौनपुर। डिजिटल भुगतान के दौर में व्यापारियों पर किसी भी तरह का अतिरिक्त या छिपा हुआ शुल्क थोपे जाने के खिलाफ व्यापार मंडल ने आवाज बुलंद की है। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल नगर कमेटी की संगठनात्मक बैठक में व्यापारियों ने स्पष्ट कहा कि यूपीआई ने कारोबार को आसान बनाया है, लेकिन डिजिटल भुगतान का खर्च छोटे व्यापारियों पर बोझ नहीं बनना चाहिए। नगर अध्यक्ष जयकृष्ण साहू जैकी ने कहा कि यदि सरकार व्यापारियों पर कोई छिपा हुआ शुल्क लगाती है तो व्यापार मंडल उसका विरोध करेगा।
ओलंदगंज स्थित एक रेस्टोरेंट में जिलाध्यक्ष विवेक सिंह के निर्देशन एवं नगर अध्यक्ष जयकृष्ण साहू जैकी की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर कार्यकारिणी समेत सैकड़ों व्यापारी शामिल हुए। बैठक में डिजिटल भुगतान पर एमडीआर प्रमुख मुद्दा रहा। जैकी साहू ने कहा कि संगठन की स्पष्ट मांग है कि यूपीआई मर्चेंट लेन-देन पर किसी भी प्रकार का एमडीआर शुल्क नहीं लगाया जाना चाहिए। यदि कोई शुल्क प्रस्तावित है तो उसकी जानकारी व्यापारियों को पहले से स्पष्ट रूप से दी जाए और केंद्र सरकार उस पर पुनर्विचार करे।
नगर प्रभारी अजीत सोनकर और महामंत्री दिलीप जायसवाल ने त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में साफ-सफाई, कूड़ा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग उठाई। उन्होंने बाजारों में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा कमर्शियल सोलर पैनल पर घरेलू सोलर की तर्ज पर सब्सिडी देने की मांग की।
नगर उपाध्यक्ष विवेक प्रताप सेठी ने कहा कि समय के साथ व्यापार करने का तरीका भी बदल रहा है। व्यापारियों को डिजिटल प्लेटफार्म से जोड़ने के लिए भव्य डिजिटल कार्यशाला आयोजित की जानी चाहिए, जिसमें डिस्प्ले, ऑनलाइन भुगतान और डिजिटल मार्केटिंग की जानकारी दी जाए।
नगर उपाध्यक्ष श्याम वर्मा ने प्रत्येक माह ‘व्यापारी संवाद बैठक’ आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि बैठक किसी भी व्यापारी के प्रतिष्ठान पर आयोजित की जा सकती है, जिससे व्यापारियों की समस्याओं, सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक मुद्दों पर लगातार चर्चा होती रहे।
नगर उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कहा कि व्यापारी रोजगार देने के साथ सरकार को कर भी देता है और शहर की अर्थव्यवस्था को गति देता है। व्यापारियों ने सरकार से व्यापारी सुरक्षा बीमा योजना लागू करने तथा जौनपुर के प्रमुख बाजारों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष विवेक सिंह ने कहा कि ऑनलाइन कंपनियों और ऑफलाइन दुकानदारों के बीच सरकार को समान अवसर सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि छोटे व्यापारियों का कारोबार सुरक्षित रह सके। उन्होंने साइबर फ्रॉड से व्यापारियों को बचाने के लिए जल्द विशेष कार्यशाला आयोजित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों के लिए संगठन लगातार प्रयास करेगा और जरूरत पड़ी तो संघर्ष से भी पीछे नहीं हटेगा।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजार के प्रमुख स्थानों पर व्यापार मंडल की ओर से पेयजल, शरबत समेत अन्य सुविधाओं के सेवा-स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से राहगीरों और दर्शनार्थियों को राहत पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में संजय जायसवाल, रवि गुप्ता, सोमेंद्र अग्रहरि, डॉ. दिलीप सिंह, नवीन साहू, एडवोकेट प्रशांत कुकरेजा, अमनदीप सिंह, अभिषेक गुप्ता, शम्मी, सुरेंद्र मौर्य, ध्रुव जायसवाल, नितिन जायसवाल, सुनील सोनकर, सौरभ गुप्ता, फैसल, अभिषेक चतुर्वेदी, अजय मौर्य, राजीव गुप्ता, राजेश गुप्ता, बंटी साहू, रूपेश गुप्ता, कृष्ण सेठ, अजीत सोनकर, रमेश श्रीवास्तव, डॉ. चंदननाथ गुप्ता, संतोष सेठ, हीरा लाल मोदनवाल, महेश कुमार, कुणाल सेठ समेत सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।

