रामकथा सुनने गया था परिवार, पीछे से घर में घुसे चोरों ने गहनों पर किया हाथ साफ
जौनपुर। लाइनबाजार थाना क्षेत्र के गोधना गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। शनिवार की शाम परिवार के लोग शहर के बीआरपी मैदान में आयोजित रामकथा सुनने गए थे। इसी दौरान चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर आलमारी में रखे आभूषण चोरी कर लिए। परिवार के सदस्य जब घर लौटे तो कमरे का ताला टूटा और सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए।
गोधना गांव निवासी सुशील सिंह पहलवान की पत्नी नंदिनी सिंह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शनिवार की शाम करीब तीन बजे बीआरपी मैदान में आयोजित रामकथा सुनने गई थीं। इसी बीच चोर घर में घुस गए और दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखी आलमारी खंगाल डाली।
पीड़ित के भतीजे नीलेश कुमार सिंह पुत्र शरद कुमार सिंह के मुताबिक, शाम करीब 7:45 बजे उनकी चाची नंदिनी सिंह जब घर की दूसरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में पहुंचीं तो ताला टूटा मिला। कमरे के अंदर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर सोने की नौ अंगूठियां, दो बालियां, एक मंगलसूत्र, एक सिकड़ी और दो जोड़ी पायल समेत अन्य आभूषण गायब मिले।
घटना की जानकारी होते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी विनीत राय ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

