भारत यात्रा का जौनपुर में भव्य स्वागत, साहू समाज ने प्रीति गुप्ता को किया सम्मानित
सामाजिक एकता, सेवा और संस्कारों को मजबूत करने का आह्वान, नई पीढ़ी को शिक्षा से जोड़ने पर दिया जोर
जौनपुर। भारतीय तैलिक साहू राठौर महासभा के तत्वावधान में साहू धर्मशाला सभागार में भारत यात्रा का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता को साहू समाज की ओर से सम्मानित किया गया। समारोह में सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे, सेवा, संस्कार और समाज के स्वाभिमान को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महासभा के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष एवं भारत यात्रा के संयोजक मुख्य अतिथि एसपी गुप्ता, विशिष्ट अतिथि प्रीति गुप्ता, कार्यक्रम अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्त, जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता, प्रदेश युवा कार्यवाहक अध्यक्ष संजीव साहू, जिला कोषाध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता, जिला युवा अध्यक्ष योगेश साहू और कार्यक्रम संयोजक नन्हकऊ गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की।
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर प्रीति गुप्ता का समाज के लोगों और मातृशक्तियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्हें सम्मानित कर सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
मुख्य अतिथि एसपी गुप्ता ने कहा कि भारत यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता, सेवा, संस्कार और स्वाभिमान की भावना को प्रोत्साहित करना है। समाज को संगठित करके ही सामूहिक विकास की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने लोगों से सामाजिक हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि प्रीति गुप्ता ने सम्मान के लिए समाज के सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। नई पीढ़ी को शिक्षा, अच्छे संस्कार और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक बनाना भी आवश्यक है।
समारोह में धर्मचंद गुप्ता, नन्हकऊ गुप्ता, फोटोग्राफर एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता, पवन कुमार गुप्ता, दुर्गा प्रसाद साहू, पत्रकार यशवंत गुप्ता, रामजी गुप्ता, संरक्षक घनश्याम साहू, अरविंद बैंकर और संतोष साहू बच्चा सहित अन्य वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने संगठन की एकता को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए आपसी सहयोग और समन्वय के साथ सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में साहू कल्याण समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, साहू धर्मशाला के अध्यक्ष सतीश चंद्र गुप्ता, स्वतंत्र साहू, राष्ट्रीय युवा सहसचिव चंदन साहू, अर्पित साहू सहित महासभा के विभिन्न पदाधिकारी, सदस्य और जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों से आए गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह में बड़ी संख्या में मातृशक्तियों की सहभागिता रही।

