शारदीय नवरात्रि को लेकर चौकियां धाम में तैयारियां तेज
चौकियां धाम, जौनपुर। 11 अक्टूबर से लगने वाले शारदीय नवरात्र को लेकर पूर्वांचल के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां शीतला चौकियां धाम में तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार से शुरू हो रहे नवरात्र में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुये मंदिर प्रशासन, जिला प्रशासन और नगर पालिका ने युद्ध स्तर पर काम शुरू कर दिया है।
मंदिर के महंत विवेकानन्द पंडा ने बताया कि नवरात्र से पहले गर्भगृह की साफ-सफाई, रंग-रोगन और विद्युत सजावट का कार्य अंतिम चरण में है। मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग की ओर से चल रहा करीब 6.45 करोड़ का सुंदरीकरण कार्य अभी पूरा नहीं हो सका है। दक्षिणी निकास द्वार के बरामदे की ढलाई पूरी हो गई है जबकि पूर्वी बरामदे में फर्श और पिलर छत ढलाई का काम चल रहा है। नवरात्र तक अस्थायी व्यवस्था से दर्शन कराने की योजना है। हालांकि अधिक दर्शनाथियों आने के कारण भीड को देखते हुये मंदिर का निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा। दशमी के बाद पुनः निर्माण कार्य शुरू हो जायेगा। मंदिर में लगे 20 सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कर दिया गया है।
मुख्य द्वार, गर्भगृह, हवन कुंड, सरोवर और निकास द्वारों पर निगरानी रहेगी। भीड़ नियंत्रण के लिए आजमगढ़ रोड से अलीखानपुर और शाहगंज हाइवे से धाम तक दो जगहों पर छोटे बड़े वाहनों के लिये बैरिकेडिंग लगायी जायेगी। मेला क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश बन्द रहेगा। कंट्रोल रूम और दो फायर सेफ्टी यंत्र भी लगाये गये हैं। वहीं धाम क्षेत्र के दुकानदारों ने भी तैयारी पूरी कर ली है। आंध्र प्रदेश से भारी मात्रा में नारियल मंगाये गये हैं। दुकानदार बृजेश माली ने बताया कि 20 रुपये से 1000 रुपये तक की दुल्हन चुनरी, गेंदा-गुलाब की माला और श्रृंगार का सामान दुकानों पर सज गया है। वहीं जिलाधिकारी ने नगर पालिका को सफाई, पेयजल और छांव की व्यवस्था के निर्देश दिये हैं। साथ ही महिलाओं और बुजुर्गों के लिये अलग कतार, मेडिकल कैम्प और पार्किंग की भी व्यवस्था की जा रही है।

