जौनपुर में PET-2026 के लिए 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए, 87,696 अभ्यर्थी होंगे शामिल

 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को दो पालियों में होगी परीक्षा, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रहेगा प्रतिबंध

जौनपुर। जनपद में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में परीक्षा के लिए कुल 32 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 87,696 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने बताया कि PET-2026 की लिखित परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। प्रत्येक निर्धारित तिथि पर परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए सभी 32 केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।


परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन रहेगा प्रतिबंधित


जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।


अभ्यर्थियों के लिए यातायात और ठहरने की व्यवस्था के निर्देश


जिलाधिकारी ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने और परीक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही अधिशासी अधिकारी को शेल्टर होम क्रियाशील रखने और वहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।


होटल संचालकों को भी निर्देशित किया गया कि परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को न्यूनतम दरों पर उचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाएगा।


बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह सहित केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related

JAUNPUR 438049134142286401

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item