रमेश यादव हत्याकांड में दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, कलिंजरा बाजार से दबोचे गए
पुलिस के अनुसार, बीते 8 नवंबर की रात करीब आठ बजे बसरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि रितेश चौहान, लालू चौहान, प्रेम चौहान उर्फ कल्लू, शिवा चौहान, शैलेश चौहान, रामसिंह उर्फ टेनी चौहान, राजकुमार चौहान की पत्नी और वीरे चौहान समेत आठ लोग एकराय होकर वादी के दरवाजे पर पहुंच गए। वहां गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से रमेश यादव (40), मुन्नू यादव और प्रदीप यादव की पिटाई कर दी। मारपीट में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए ले जाते समय रमेश यादव की मौत हो गई।
घटना के संबंध में तेजीबाजार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 257/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में फरार चल रहे रामसिंह चौहान उर्फ टेनी पुत्र स्व. फूलचन्द्र उर्फ फुले चौहान तथा शिवा चौहान पुत्र राजकुमार चौहान निवासी बसरा को मंगलवार 10 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में की गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सत्येंद्र भाई पटेल, उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, कांस्टेबल अतुल मिश्रा, विवेक विश्वकर्मा, पंकज यादव तथा महिला कांस्टेबल आकांक्षा सिंह, किरन यादव और सृष्टि चौधरी शामिल रहीं।

