लेह में तैनात जौनपुर के जवान अर्जुन यादव की आखिरी फोन कॉल के बाद थम गईं सांसें
सोमवार सुबह पत्नी से फोन पर बताई थी तबीयत खराब होने की बात, देर रात सेना के अस्पताल में ली अंतिम सांस, मासूम बेटे के सिर से उठा पिता का साया, परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था जवान
सिकरारा, जौनपुर। सरहद पर देश की सुरक्षा में तैनात एक और जवान की असमय मौ"त ने जौनपुर को गमगीन कर दिया। सिकरारा थाना क्षेत्र के हरिगांव निवासी सेना के जवान अर्जुन यादव (35) की लेह में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौ" त हो गई। मंगलवार की सुबह जैसे ही परिवार को जवान के निधन की खबर मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। जिस पत्नी से सोमवार सुबह आखिरी बार फोन पर बात हुई थी, उसे अब कभी अर्जुन की आवाज सुनाई नहीं देगी। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य के चले जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार सुबह अर्जुन ने अपनी पत्नी वंदना को फोन कर तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। इसके बाद रात में उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई। उन्हें सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। मंगलवार सुबह करीब छह बजे ड्यूटी पर उनके साथ तैनात साथी जवान ने फोन कर परिवार को इस दुखद घटना की जानकारी दी। खबर सुनते ही पत्नी वंदना बेसुध हो गईं, जबकि पिता जिलाजीत यादव और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
अर्जुन यादव वर्ष 2013 में सेना में भर्ती हुए थे। वर्ष 2020 में उनकी शादी मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के देवापार (रामदयालगंज) गांव में हुई थी। उनका डेढ़ वर्ष का मासूम बेटा विभव है। करीब एक माह पहले बेटे की तबीयत खराब होने पर अर्जुन गांव आए थे। बेटे का इलाज कराने के बाद करीब 25 दिन पहले ही वह दोबारा अपनी ड्यूटी पर लौटे थे। किसे पता था कि परिवार से यह उनकी आखिरी मुलाकात साबित होगी। पिता की मौत से अनजान मासूम विभव को अभी यह भी एहसास नहीं है कि उसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है।
अर्जुन के पिता जिलाजीत यादव इंटर कॉलेज सेमरी में शिक्षक रहे हैं और अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। मां कलावती देवी का वर्ष 2017 में बीमारी के चलते निधन हो गया था। दो भाइयों और एक बहन में अर्जुन दूसरे नंबर पर थे। छोटा भाई सुनील यादव बेरोजगार न रहे, इसके लिए अर्जुन ने उसे टेंट हाउस खुलवाकर और ट्रैक्टर खरीदकर रोजगार की व्यवस्था की थी। बड़ी बहन मंजू की शादी हो चुकी है। परिवार की अधिकांश जिम्मेदारियां अर्जुन ही संभालते थे।
अर्जुन ने इंटर कॉलेज सेमरी से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद जौनपुर शहर के एक महाविद्यालय में स्नातक में दाखिला लिया था। इसी दौरान उनका चयन भारतीय सेना में हो गया और उन्होंने देशसेवा को अपना जीवन समर्पित कर दिया। परिवार को अर्जुन से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने उन सभी सपनों को झकझोर कर रख दिया। हरिगांव सहित पूरे क्षेत्र में जवान की मौत से शोक की लहर व्याप्त है।

