बहुभोज कार्यक्रम में खूनी संघर्ष, चाकू और ईंट-पत्थर से हमला, एक युवक की मौत, किशोर गंभीर
जौनपुर । जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के काकुहा गांव में बीती रात बहुभोज कार्यक्रम के दौरान मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान चाकू और ईंट-पत्थरों से किए गए हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाए गए 26 वर्षीय युवक बिंदेश उर्फ कल्लू राजभर की मौत हो गई, जबकि चाकू लगने से घायल 15 वर्षीय किशोर रितेश तिवारी की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया।
घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों के आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के काकुहा गांव में बहुभोज कार्यक्रम के दौरान कल्लू राजभर ने रितेश तिवारी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने इसके बाद कल्लू राजभर पर हमला बोल दिया। गंभीर चोट लगने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एएसपी ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

