मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का डीएम ने किया निरीक्षण, बीएलओ को दिए सख्त निर्देश

 बदलापुर विधानसभा के 17 मतदेय स्थलों का किया दौरा, 18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं का नाम जोड़ने पर दिया जोर

जौनपुर। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने, मृतक मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर करने के निर्देश दिए।


भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर जनपद में 17 नवंबर से निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत 21 एवं 22 नवंबर तथा 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गई हैं। इन दिनों सभी बीएलओ अपने-अपने मतदेय स्थलों पर आलेख्य मतदाता सूची के साथ उपस्थित रहकर नागरिकों से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त कर रहे हैं।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने विधानसभा क्षेत्र 364 बदलापुर के अंतर्गत सरोखनपुर स्थित श्रीकृष्णा नगर जूनियर हाईस्कूल के कक्ष संख्या एक से सात तक बने बूथों का निरीक्षण किया। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय सरोखनपुर प्रथम एवं द्वितीय, प्राथमिक विद्यालय भलुआहीं के कक्ष संख्या एक से चार तथा प्राथमिक विद्यालय पुरानी बाजार के कक्ष संख्या एक से तीन तक के मतदेय स्थलों का जायजा लिया।


18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं का नाम जोड़ने पर जोर


जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देश दिया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं एवं मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम सूची में शामिल कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके साथ ही मृतक मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने और सूची में मौजूद सभी त्रुटियों को दूर करने के निर्देश दिए।


चार तरह के फॉर्म से होगा संशोधन और पंजीकरण


जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, प्रवासी भारतीय नागरिकों के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6ए, अपात्र अथवा मृतक मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन, निवास परिवर्तन और ईपिक प्रतिस्थापन के लिए फॉर्म-8 प्राप्त किए जा रहे हैं।


उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों की जांच कर उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बूथों पर आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।


जिलाधिकारी ने अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर आमजन की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि निर्वाचक नामावली को शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाया जा सके।

Related

JAUNPUR 4923526799970833929

एक टिप्पणी भेजें

emo-but-icon

AD

जौनपुर का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टल

आज की खबरे

साप्ताहिक

सुझाव

संचालक,राजेश श्रीवास्तव ,रिपोर्टर एनडी टीवी जौनपुर,9415255371

जौनपुर के ऐतिहासिक स्थल

item