मकान में लगी आग, बाइक मैकेनिक गंभीर रूप से झुलसा, वाराणसी रेफर
जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के भाऊपुर गांव में रविवार को एक बाइक मैकेनिक के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग की चपेट में आने से बाइक मैकेनिक असलम गंभीर रूप से झुलस गया। उसे उपचार के लिए वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, भाऊपुर निवासी असलम बाइक रिपेयरिंग का काम करता है। गोपालापुर में उसकी बाइक रिपेयरिंग की दुकान है। बताया जाता है कि उसने कुछ बाइकें अपने घर पर भी रखी थीं। रविवार को अचानक उसके मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मकान से उठती आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही नेवढ़िया पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान आग बुझाने के प्रयास में असलम गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में उसे वाराणसी के निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
फिलहाल मकान में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। आग लगने की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

