कलकत्ता से खरीदकर लाया था अपने मौत का सामान ?
https://www.shirazehind.com/2013/09/blog-post_8855.html
जौनपुर। केराकत कोतवाली थाना क्षेत्र के बीरमपुर बेलांव बाजार के पास गुरूवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी जब 4 दिन पूर्व लाइसेंसी रिवाल्वर खरीदने वाला युवक अपने दोस्तों को दिखाते समय अचानक चली अपनी ही गोली का शिकार हो गया और हमेशा के लिये सो गया। मृतक के भाई ने 4 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दिया जिस पर जांच-पड़ताल चल रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त बाजार निवासी विजय सिंह ‘डबलू’ 34 वर्ष पुत्र ओम प्रकाश सिंह 4 दिन पहले शासन द्वारा जारी लाइसेंस के आधार पर रिवाल्वर खरीदा। गुरूवार को बाजार के पास अपने कुछ दोस्तों के साथ खड़े होकर अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर को उन्हें उल्टा-सीधा करके दिखा रहा था कि तभी अचानक गोली चल गयी जो विजय के सीने में लगी। गोली चलने की आवाज सुनते ही आस-पास हड़कम्प मच गया तथा लोग इधर-उधर भागने लगे। इधर घायल विजय वहीं जमीन पर गिरकर तड़पने लगा जिसे देख वहां खड़े मित्र कुछ करते, उसकी मौत हो गयी। इसके बाद सभी के हाथ-पांव फूलने लगे। उधर जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मंे लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु भेज दिया। इस संदर्भ में मृतक विजय के भाई अजय ने 4 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दिया जिस पर पुलिस कार्यवाही करने में जुट गयी। उधर इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
