भूमि अधिग्रहण विरोधी मोर्चा का आंदोलन जारी
https://www.shirazehind.com/2013/09/blog-post_9948.html
जौनपुर। प्रदेश सरकार द्वारा लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग के चैड़ीकरण एवं बाईपास बनाने में किसानों की हजारों एकड़ जमीन एवं उसके अन्तर्गत पड़ने वाले आवास को बचाने के लिये भूमि अधिग्रहण विरोधी मोर्चा का संघर्ष निरन्तर जारी है। इस आशय की जानकारी देते हुये मोर्चा के प्रवीण शुक्ल ने बताया कि बीते 8 अगस्त को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन के बाद से मोर्चा द्वारा चरणबद्ध आंदोलन का आह्वान किया गया था। इसी क्रम में आगामी 17 सितम्बर को बक्शा ब्लाक पर जोरदार प्रदर्शन किये जाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि स्थानीय ब्लाक के गोरियापुर, ब्राह्मणपुर, बरखण्डी, तेलीतारा, बेलापार, लखमीपुर, बक्शा, पूरे रामजी, सवंसा, चकजद्दूपुर, चक पटैला सहित अन्य गांवों का दौरा कर संघर्ष कमेटियों का गठन किया गया। इसके साथ ही किसानों को केन्द्र व राज्य सरकारों की किसान विरोधी एवं समाज को नबाह करने वाली भूमि अधिग्रहण नीति से अवगत कराया गया। सम्पर्क अभियान के दौरान प्रवीण शुक्ल के अलावा श्रीपति सिंह, इन्दु शुक्ल, अच्छे लाल यादव, बच्चू लाल मौर्य, नन्द लाल मौर्य, रविशंकर उपाध्याय, विजयशंकर यादव, दूधनाथ बिन्द, दल सिंगार मौर्य, राजेश सिंह, पारसनाथ सिंह भी शामिल रहे। अन्त में अध्यक्ष पारसनाथ सिंह ने बताया कि 17 सितम्बर को बक्शा, 21 सितम्बर को सिकरारा, 25 सितम्बर को सिरकोनी, 5 अक्टूबर को बदलापुर एवं 9 अक्टूबर को जलालपुर में प्रदर्शन किया जायेगा।
