दो दिवसीय क्रमिक अनशन पर बैठीं जिपं सदस्य ने सौंपा पत्रक
https://www.shirazehind.com/2013/12/blog-post_1882.html
जौनपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा दिये गये आश्वासन के अनुपालन के साथ खुटहन स्वास्थ्य केन्द्र की ईंट बेचने में संलिप्त स्वास्थ्य अधिकारियों के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित कराये जाने को लेकर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती जया दूबे ने शनिवार को दूसरे दिन भी क्रमिक अनशन किया। इस मौके पर कांग्रेस नेता इन्द्रमणि दूबे ने कहा कि जिला योजना समिति द्वारा वर्ष 2006 में आहूत बैठक के दौरान स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र को उच्चीकृत करने का प्रस्ताव पास हुआ था जिसके तहत 163.36 लाख रूपये की स्वीकृति के साथ खुटहन में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण अप्रैल 2006 में प्रारम्भ हुआ। शासन द्वारा इसके लिये 149.77 लाख रूपये अवमुक्त करते हुये 2 साल के अंदर इसका निर्माण कार्य पूर्ण किये जाने हेतु कार्यदायी संस्था को निर्देशित भी किया गया था किन्तु आज 7 वष्ज्र्ञ बीतने के बाद भी निर्माण कार्य अधूरा है। श्री दूबे ने बताया कि इसी को लेकर 30 मार्च व 17 अप्रैल को धरना-प्रदर्शन एवं क्रमिक अनशन किया गया जिसके अनुपालन हेतु तत्कालीन मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने 23 अप्रैल को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर अनशन को तोड़वाते हुये एक माह के अंदर इसे चालू करने का आश्वासन दिया किन्तु आश्वासन कोरा साबित हुआ। आरोप है कि 80 हजार ईंट बिना निविदा प्रकाशित किये मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं वरिष्ठ लिपिक की मिलीभगत से बेच दिया गया जिसकी कीमत 30 लाख आंकी गयी। इन्हीं सब को लेकर बीते शुक्रवार से जिला पंचायत सदस्य जया दूबे क्रमिक अनशन पर बैठी थीं जिन्होंने शनिवार को खण्ड विकास अधिकारी को पत्रक सौंपा। इस अवसर पर डा. रमेश चन्द्र बिन्द, इन्द्रबली मिश्र, अंजनी तिवारी, विकास मिश्रा, विवेक यादव, इन्द्रभान मौर्य, राजेश बिन्द, मिठाई लाल, प्रदीप यादव, सिकन्दर यादव, आलोक पाण्डेय, सुरेश चन्द्र, रंजीत मौर्य, अशोक प्रजापति, गुरू प्रसाद तिवारी, दिलीप यादव, कन्हैया लाल, शर्मिला, चन्द्रेश पासवान, रामकृष्ण पाण्डेय सहित तमाम कांग्रेस पदाधिकारी, सदस्य, क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

