प्रदेश सरकार किसानों के साथ कर रही अन्यायः राकेश
https://www.shirazehind.com/2013/12/blog-post_5871.html
जौनपुर। शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति न किये जाने से आक्रोशित कांग्रेसजनों ने शुक्रवार को खुटहन ब्लाक अध्यक्ष राकेश मिश्र के नेतृत्व में विद्युत उपकेन्द्र का घेराव कर दिया। इस मौके पर आयोजित धरना-प्रदर्शन के बाद इंकाजनों ने अधिशासी अभियंता को सम्बोधित 4 सूत्रीय मांगों का पत्रक जेई को सौंपा। पत्रक के अनुसार 16 घण्टे बिजली आपूर्ति किये जाने की मांग की गयी। इस मौके पर श्री मिश्र ने कहा कि इस समय पड़ रही ठण्डक में बिजली आपूर्ति करना किसानों के विरूद्ध है, क्योंकि इस समय गेहूं के फसल की सिंचाई का समय चल रहा है और दिन में नियमित बिजली न देकर रात में देने का कोई औचित्य नहीं है। प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुये श्री मिश्र ने कहा कि यह सरकार किसानों के साथ धोखाधड़ी कर रही है। किसानों को बिजली सहित अन्य सुविधाएं देने के बजाय अपराधियों व माफियाओं को संरक्षण दिया जा रहा है। संचालक विजय उपाध्याय ने कहा कि यदि अविलम्ब आपूर्ति 16 घण्टे नहीं की गयी तो बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन चलाया जायेगा। इस अवसर पर बड़कऊ उपाध्याय, ब्रजेश उपाध्याय, परवेज अहमद, राजनाथ यादव, रामदवर पाल, राजदेव यादव, उमेश यादव, गुड्डू यादव, पवन दूबे, गिरजाशंकर तिवारी, विपिन सिंह, प्रमोद यादव आदि मौजूद रहे।
